Gopalganj News: हथुआ में रक्षाबंधन की धूम, बाजारों में उमड़ी भीड़
Gopalganj News: हथुआ में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बाजारों में भीड़ उमड़ी, जहां महिलाएं और बच्चे अपने भाइयों के लिए आकर्षक राखियां खरीदते नजर आए। भाई-बहन के प्रेम के इस अवसर पर घरों में पकवान बनाकर भोग लगाया गया। त्योहार पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Gopalganj News: हथुआ,एक संवाददाता। हथुआ अनुमंडल मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। त्योहार को लेकर सुबह से ही बाजारों में खूब रौनक रही।
बाजारों की रौनक
हथुआ के टैक्सी स्टैंड,गोपाल मंदिर गेट,आईटीआई मोड़,पुराना थाना चौक,जलेबिया मोड़ सहित मुख्य बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कई जगहों पर जाम की स्थिति भी बन गई। राखी और मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखी गई। गांव-गांव से महिलाएं और बच्चे बाजार पहुंचकर अपने भाइयों के लिए तरह-तरह की आकर्षक राखियां खरीदते नजर आए। दुकानदारों ने भी मौके को देखते हुए अपनी दुकानों को विशेष रूप से सजाया था। मिठाई की दुकानों पर रंग-बिरंगी लाइटें और फूलों की झालरें लगाई गई थीं, वहीं विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से दुकानें सजी हुई थीं। सुबह से ही पूरे इलाके में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
भाई-बहन का प्रेम
भाई-बहन के अटूट प्रेम के इस पर्व पर अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहनें सज-धज कर तैयार दिखीं, तो वहीं दूर-दराज में रहने वाले भाई भी अपनी बहनों से राखी बंधवाने के लिए अपने पैतृक घर पहुंचे थे। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधी,आरती उतारी और उनके लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का वचन दिया। इस दौरान लोगों ने अपने इष्ट देवों की पूजा-अर्चना की और घरों में पकवान बनाकर भोग लगाया। पूरे हथुआ अनुमंडल में रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्रेम,उल्लास और बाजार की रौनक के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ。


