चोरी की मोटर और पाइप के साथ युवक को पुलिस ने धरा
गोपालगंज में नगर थाने की पुलिस ने सोमवार की सुबह 28 वर्षीय एजाज खान को चोरी की मोटर और पाइप के साथ गिरफ्तार किया। गश्ती के दौरान पुलिस ने उसे हजियापुर पोखर के पास पकड़ा। पूछताछ में उसने मोटर चोरी करने की बात स्वीकार की। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

गोपालगंज, हमारे संवाददाता। नगर थाने की पुलिस ने सोमवार की अहले सुबह चोरी की मोटर और पाइप के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक नगर थाना क्षेत्र के फतहा वार्ड नंबर दो निवासी मजीद खान का 28 वर्षीय पुत्र एजाज खान बताया गया है। मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पकड़े गए युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि थाने के एएसआई मोहम्मद फारुख खान गश्ती पर निकले हुए थे। सोमवार की अहले सुबह गश्ती के दौरान जब वे शहर के हजियापुर पोखर के समीप स्थित छठ घाट के पास पहुंचे तो देखा कि एक युवक हाथ में लोहे का सामान लेकर जा रहा है।
पुलिस टीम को देखते ही वह मोहल्ले की ओर भागने की कोशिश करने लगा। इसके बाद पुलिस ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पाइप लगा मोटर बरामद हुआ। मोटर के बारे में पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह मोटर चोरी कर ले जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस उसके गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


