थावे में बुखार, सर्दी-खांसी के मरीजों की बढ़ी तादाद
-मौसम के बदलते मिजाज का असर, स्वास्थ्य केंद्र पर उमड़ी भीड़ थावे प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बेमौसम बारिश, रात में हल्की ठंड और दिन में तेज धूप...

थावे। एक संवाददाता थावे प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बेमौसम बारिश, रात में हल्की ठंड और दिन में तेज धूप के कारण लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ा रहा है। स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को सुबह से ही मरीजों की लंबी कतार लगी रही। खासकर महिला मरीजों की संख्या अधिक देखी गई। पर्ची कटाने के लिए मरीजों को काफी देर तक लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केंद्र पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मरीजों में मुख्य रूप से बुखार, सर्दी, खांसी और वायरल संक्रमण जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम के लगातार बदलते मिजाज के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अविनाश कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों में करीब ढाई सौ मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश मरीज सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित हैं, जो मौसमी बदलाव का प्रभाव है।डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम के इस बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतें, ठंड-गर्म से बचें, साफ-सफाई का ध्यान रखें। जरूरत पड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में आकर जांच कराएं। बिना डॉक्टर की सलाह दवा न लें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


