रोजगार योजना : अगली किस्त के लिए आवेदन को लॉन्च होगा पोर्टल
गोपालगंज में मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत जीविका दीदियों को दो लाख रुपये उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। परियोजना विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। पहले चरण में दीदियों को दस-दस हजार रुपये की सहायता दी गई थी। अब अगली किस्त के लिए रोजगार मूल्यांकन किया जाएगा।

गोपालगंज,हमारे प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री रोजगार योजना की अगली किस्त के तहत जीविका दीदियों को दो लाख रुपये उपलब्ध कराने को लेकर जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसको लेकर परियोजना विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और सभी जीविका दीदियों को विभाग के एमईआरवाई पोर्टल पर आवेदन करना होगा। मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा की समाप्ति के बाद पोर्टल लॉन्च होने की संभावना जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार जिले में मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत कुल 2 लाख 92 हजार जीविका दीदियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पहली किस्त के रूप में दस-दस हजार रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
अब योजना की अगली किस्त के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाली जीविका दीदियों के रोजगार का मूल्यांकन कराया जाएगा। मूल्यांकन के दौरान उनके वर्तमान रोजगार, आय और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी भी ली जाएगी। इसके बाद क्रमवार और योजनाबद्ध तरीके से लाभुकों का चयन कर अगली किस्त की राशि दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार से जुड़ी जीविका दीदियों की आय और रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उद्यम व व्यवसाय से जुड़ी दीदियों को मिलेगा प्रशिक्षण मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत उद्यम और व्यवसाय से जुड़ने वाली जीविका दीदियों को उद्यमिता विकास और व्यवसायिक कौशल से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री के लिए स्थानीय स्तर पर हाट विकसित कर बाजार उपलब्ध कराने की योजना है। साथ ही उद्यम से जुड़ी दीदियों को रॉ-मेटेरियल और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि होगी। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी विभागीय अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। योजना के तहत वित्तीय सहायता मिलने से महिलाएं अपनी रुचि के अनुसार रोजगार, व्यवसाय, कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई-बुनाई जैसे लघु उद्योग स्थापित कर आय सृजन कर सकेंगी। इससे महिलाओं की विकास में भागीदारी मजबूत होगी और वे आर्थिक रूप से स्वतंत्र बन सकेंगी। वर्जन मुख्यमंत्री रोजगार योजना की अगली किस्त के तहत जीविका दीदियों को दो लाख रुपये उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दूसरी किस्त के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे और सभी जीविका दीदियों को एमईआरवाई पोर्टल पर आवेदन करना होगा। मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा की समाप्ति के बाद पोर्टल लॉन्च होने की संभावना है। विकास कुमार, परियोजना प्रबंधक, जीविका, गोपालगंज

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




