लापता चालक का कुएं में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सस्पेंस - कुचायकोट थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में स्थित कुएं में पड़ा था वाहन चालक का शव - पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा मॉडल सदर अस्पताल

गोपालगंज/कुचायकोट। हमारे संवाददाता जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में रविवार की सुबह एक चालक का शव कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। उधर, परिजनों ने युवक की हत्या करने के बाद शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल में भेज दिया। मृतक कुचायकोट थाना क्षेत्र के हरदो मठिया गांव के स्व. रामायण मांझी का 28 वर्षीय बेटा पवन कुमार मांझी था।
घटना के संबंध में मृतक की मां पन्ना देवी ने बताया कि उसका बेटा 25 फरवरी को जलालपुर के रहने वाले अपने वाहन मालिक के बुलाने पर शादी समारोह में गया हुआ था। सुबह करीब पांच बजे उसका मालिक उसे बुलाकर ले गए थे। इसके बाद रात में वह अपने मालिक समेत अन्य लोगों के साथ अपने घर पर खाना लेकर आया हुआ था और फिर उन्हीं के साथ वापस लौट गया। अगले दिन परिवार के सदस्य उसकी खोजबीन किए तो पता चला कि वह अपने मालिक के घर नहीं है। इसके बाद परिवार के सदस्य उसके मालिक से पवन के बारे में पूछताछ किए तो उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य उसकी तलाश करने लगे। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला तो 28 फरवरी की रात उसकी मां पन्ना देवी ने कुचायकोट थाने में आवेदन दिया । लेकिन एक मार्च की सुबह परिवार के सदस्यों को सूचना मिली कि पवन का शव जलालपुर गांव में स्थित कुएं में पड़ा हुआ है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। फिर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल में भेज दिया। ------------------------------------ मारपीट व गला दबाकर हत्या करने का लगाया आरोप शव कुएं से बरामद होने के बाद परिवार के सदस्य सकते में आ गए। परिजनों ने बताया कि पवन के साथ मारपीट की गई है और गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को छुपाने की नीयत से कुएं में फेंक दिया गया है। परिजनों ने बताया कि वह जब उसकी तलाश कर रहे थे तो गांव में लोगों के बीच ऐसी चर्चा थी कि शादी की रात पवन के साथ मारपीट की गई थी। उधर, पुलिस तमाम बिंदु पर मामले की तहकीकात कर रही है। ताकि उसकी मौत की असली वजह सामने आ सके। ----------------------------------------- पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया कुचायकोट थाना क्षेत्र के हरदो मठिया गांव के स्व. रामायण मांझी के 28 वर्षीय बेटे पवन कुमार मांझी की मौत के बाद उसके पांच बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया। पति की मौत के बाद उसकी पत्नी सरोज देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। वह शव देखकर दहाड़ मार कर रो रही थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि पवन तीन भाइयों में मंझला था। वह अपने बच्चों की परवरिश के लिए गाड़ी चलाने के साथ-साथ अपने मालिक के घर के सभी कामों को करता था। ------------------------------------------- वर्जन कुएं से युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो जाएगा। परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्पण सुमन, थानाध्यक्ष कुचायकोट।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



