
पीड़ित व्यवसायी से मिले सदर विधायक, न्याय दिलाने का दिया आश्वासन
फोटो कैप्शन: थावे बस पड़ाव स्थित वैभव टेक्सटाइल कपड़ा दुकान में सदर विधायक सुभाष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी तथा अन्य व्यवसायी।
थावे। एक संवाददाता स्थानीय थाने के थावे बस पड़ाव स्थित कपड़ा व्यवसायी रामेश्वर प्रसाद के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर बुधवार की देर शाम सदर विधायक सुभाष सिंह पीड़ित से मिलने पहुंचे। उन्होंने व्यवसायी को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए कहा कि न्याय दिलाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। विधायक सुभाष सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गिरी वैभव टेक्सटाइल दुकान पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने थानाध्यक्ष वरुण कुमार झा से फोन पर बात कर मारपीट में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि व्यवसायियों की सुरक्षा मेरा प्रथम कर्तव्य है।
इसके लिए आवश्यक हर कदम उठाया जाएगा। किसी भी आपराधिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो। इस दौरान विदेशी टोला मुखिया मनीष गुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रिंस गुप्ता सहित थावे बाजार के कई व्यवसायी मौजूद थे। क्या था मामला बताया जाता है कि बीते मंगलवार देर शाम आठ की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने व्यवसायी रामेश्वर प्रसाद के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के दौरान उनके गले से करीब दो लाख रुपए मूल्य का सोने का चेन और पचास हजार रुपए नकद भी छीन लिए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपितों संदीप यादव और राजू साह उर्फ करीमन साह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष वरुण कुमार झा ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द सभी पुलिस की पकड़ में होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




