ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार गोपालगंजजन्मदिन पर लालू के गांव पहुंचा 'हिन्दुस्तान', हर चेहरा दिखा उदास

जन्मदिन पर लालू के गांव पहुंचा 'हिन्दुस्तान', हर चेहरा दिखा उदास

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का पैतृक गांव फुलवरिया। दोपहर के बारह बजे हैं। गांव के लोग मवेशियों को घास चारा खिलाने से लेकर धूप में अनाज सूखाने जैसे रोजमर्रा के काम में जुटे हैं। दुपहरिया में दूर -दूर...

जन्मदिन पर लालू के गांव पहुंचा 'हिन्दुस्तान', हर चेहरा दिखा उदास
गोपालगंज। मनीष कुमार भारतीयThu, 11 Jun 2020 06:04 PM
ऐप पर पढ़ें

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का पैतृक गांव फुलवरिया। दोपहर के बारह बजे हैं। गांव के लोग मवेशियों को घास चारा खिलाने से लेकर धूप में अनाज सूखाने जैसे रोजमर्रा के काम में जुटे हैं। दुपहरिया में दूर -दूर से बच्चों के उधम कूद की समवेत आवाज कभी आ रही है तो कभी गुम हो जा रही है। आम की बगिया में कोयल भी कूक रही है। लेकिन,इंसानी हरकतों के बाद भी लालू के जन्म दिन पर फुलवरिया में एक अजीब तरह की वीरानगी है। 

ग्रामीणों के चेहरे पर ताजगी व रवानगी नहीं दिख रही। आज जन्मदिन पर सबों को कुछ खटक रहा है। उनका जेल में रहना सता रहा है। लालू के दो भाइयों का परिवार गांव में ही है। उनके रिश्ते में पोते सुदीश कुमार बताते हैं लालू जी के जेल में रहने से फुलवरिया की रौनक चली गई है। लोग उदास हैं। उनके जेल से रिहा होने व गांव पहुंचने का लोगों को तीन वर्षों से शिद्दत से इंतजार है। रामसूरत साह कहने लगे, लालू जी का गांव से लगाव रहा है। यहीं की मिट्टी में जन्म लिया। अभावों में पले। संघर्ष कर आगे बढ़े। फिर शून्य से शिखर तक की यात्रा की। उन्होंने बताया कि जब वे आते थे तो स्थानीय कलाकारों की सोहर,बारहमासा व पूर्वी की महफिल जमती थी। हंसोड़ व मजाकिया लालू जी के चुटीले बोल से ठहाके गूंजते थे। गांव में बिताए गए अपने बचपन की यादें साझा करते थे। गरीबों व मजलूमों संघर्ष करने व आगे बढ़ने के लिए साहस भरते थे।

कुलदेवी की हुई पूजा
लालू प्रसाद के भाई स्व़ मंगरू यादव के परिजनों ने उनके जन्मदिन पर कुलदेवी पूजा अर्चना की। उनके दीर्घ व स्वस्थ जीवन की कामना की। गांव के दुर्गा मंदिर पर भी ग्रामीणों ने उनकी जेल से रिहाई व स्वस्थ रहने की कामना के साथ पूजा-पाठ की। अभय यादव ने बताया कि कुल देवी की पूजा का विशेष मौके पर महत्व है। लवकुश यादव ने बताया कि जन्म दिन के मौके पर गांव के गरीबों को भोजन कराने का कार्यक्रम रात में रखा गया है। 

लालू ने विश्व में किया नाम रोशन
ग्रामीण विवेक पाण्डेय ने बताया कि लालू प्रसाद बिहार व देश की राजनीति के मील के पत्थर हैं। उन्होंने सियासत की दशा व दिशा बदली। राजनीति की मुख्य धारा में वंचितों को शामिल कराया। गरीब -मजलूमों में संघर्ष कर सफल बनने का जोश भरा। अपने गांव फुलवरिया का नाम पूरे विश्व में रोशन किया। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें