बरौली में सदस्यों के चुनाव को लेकर खेमेबाजी हुई तेज

Newswrap हिन्दुस्तान, गोपालगंज
share

बरौली नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए चुनाव 16 अप्रैल को होने वाला है। वार्ड पार्षदों के बीच खेमेबाजी तेज हो गई है। दोनों गुटों में समर्थन जुटाने के लिए बैठकें और दावतें चल रही हैं। चुनाव प्रक्रिया में नामांकन से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बरौली में  सदस्यों के चुनाव को लेकर खेमेबाजी हुई तेज

बरौली, एक संवाददाता। बरौली नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए 16 अप्रैल को होने वाले चुनाव को लेकर खेमेबाजी तेज हो गई है। चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, संभावित उम्मीदवार अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए वार्ड पार्षदों से लगातार संपर्क कर रहे हैं। समर्थन हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसे लेकर सुबह से लेकर देर रात तक बैठकबाजी का दौर जारी है। अपने-अपने चहेते वार्ड पार्षदों को सदस्य बनाने के लिए विभिन्न स्तर पर रणनीति बनाई जा रही है। चुनाव को लेकर नगर परिषद के 25 वार्ड पार्षद दो खेमों में बंटते नजर आ रहे हैं।

एक खेमे में आठ तथा दूसरे में 12 वार्ड पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा रहा है, जबकि पांच वार्ड पार्षद फिलहाल किसी भी खेमे से दूरी बनाए हुए हैं। हालांकि इन पार्षदों को अपने पक्ष में करने के लिए दोनों गुट लगातार प्रयास कर रहे हैं। इधर चुनाव की तिथि नजदीक आते ही दावतों और बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। कुछ लोगों के हस्तक्षेप से दोनों खेमों के बीच सहमति बनाकर तीनों सदस्यों का चयन कराने की कोशिश भी की जा रही है। सोमवार को एक स्थान पर बैठक भी हुई, लेकिन कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी। नगर परिषद में इन तीनों पदों की अहमियत को देखते हुए दोनों गुट अपने-अपने समर्थकों को सदस्य बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। नगर सरकार की कोर टीम मानी जाती है समिति उप मुख्य पार्षद के अनुसार सशक्त स्थायी समिति मुख्य पार्षद के बाद नगर निकाय की सबसे प्रभावशाली कार्यकारी समिति मानी जाती है। यह विकास योजनाओं की स्वीकृति, वित्तीय निर्णय, प्रशासनिक नियंत्रण तथा कार्यों की प्राथमिकता तय करने जैसे अहम फैसले लेती है। इस समिति में चुने गए सदस्य नगर सरकार की कोर टीम का हिस्सा माने जाते हैं। एक ही दिन में नामांकन से शपथ तक वार्ड पार्षदों को जारी सूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 16 अप्रैल को दिन में एक बजे से जिले के सभा कक्ष में वरीय अधिकारियों की देखरेख में संपन्न होगी। नामांकन, जांच, नाम वापसी और आवश्यकता पड़ने पर मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान गुप्त होगा और सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशी विजयी घोषित किए जाएंगे। विजयी सदस्यों को उसी दिन प्रमाणपत्र देकर शपथ भी दिलाई जाएगी। रिपोर्टर-देवेंद्र नाथ उपाध्याय

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।