
शहर के मिंज स्टेडियम और वीएम खेल मैदान का होगा जीर्णोंद्धार:डीएम
कलेक्ट्रेट में शनिवार को हुई मासिक प्रेस वार्ता में डीएम पवन कुमार सिन्हा ने दी जानकारीन फोटो- 8 कलेक्ट्रेट में शनिवार को प्रेसवार्ता करते डीएम पवन कुमार सिन्हा,ओएसडी संदीप कुमार और एडीएम पीजीआरओ...
गोपालगंज, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर स्थित मिंज स्टेडियम और वीएम खेल मैदान का जीर्णोंद्धार होगा। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर पहल शुरू कर दी गयी है। यह बातें कलेक्ट्रेट में शनिवार को आयोजित मासिक प्रेस वार्ता में डीएम पवन कुमार सिन्हा ने कहीं। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी दी। डीएम ने बताया कि जिले के जनप्रतिनिधियों की पहल और खेल प्रेमियों के अनुरोध पर खेल विभाग ने मिंज स्टेडियम और वीएम खेल मैदान के जीर्णोंद्धार को लेकर प्रस्ताव मांगा है। इस संबंध में जिला खेल विभाग द्वारा जरूरी कार्य किया जा रहा है।
दोनों खेल मैदानों पर अतिक्रमण की सूचना मिली है। इस संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है। डीपीआरओ अनिल कुमार ने बताया कि गोपालगंज व कटेया-विजयीपुर बाइपास सड़क निर्माण के लिए जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके अलावा मीरगंज बाइपास सड़क के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण को जिम्मेवारी दी गयी है। वहां से अधियाचना प्राप्त होने पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डुमरिया घाट स्थित रिवर फ्रंट पर आगामी 14 जनवरी को नारायणी महोत्सव का आयोजन होगा। इसके लिए कलाकारों का चयन किया जा रहा है। इसके अलावा प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सहकारिता, पथ निर्माण, ग्रामीण विकास सहित कुल 28 विभागों की मासिक रिपोर्ट मीडिया प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने की बात कही गयी। साथ ही डीएम के मासिक टू कार्यक्रम, बीस सूत्री व दिशा आदि बैठकों की पूर्व सूचना और प्रेस ब्रीफिंग उपलब्ध कराने का निर्देश डीएम ने संबंधित अधिकारियों को दिया। मौके पर ओएसडी संदीप कुमार और एडीएम पीजीआरओ रोहित कुमार मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




