नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति का चुनाव आज
गोपालगंज नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के चुनाव बुधवार को होने जा रहे हैं। यह पहला अवसर है जब इन सदस्यों का चयन मतदान के जरिए होगा। पहले, चयन मनोनयन से होता था। चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पार्षदों ने अपनी दावेदारी पेश की है।

गोपालगंज, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। गोपालगंज नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर बुधवार को चुनाव कराया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम पवन कुमार सिन्हा ने चुनाव को लेकर सहायक निर्वाचन पदाधिकारियों की नियुक्ति करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया है। बिहार नगर पालिका संशोधन अधिनियम 2026 के तहत नगर परिषद की सशक्त स्थाई समिति के तीन सदस्यों के लिए पहली बार चुनाव कराया जा रहा है। इससे पहले इन सदस्यों का चयन मनोनयन के जरिए होता था। पहले सदस्य के चुनाव के लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता रोहित कुमार, दूसरे सदस्य के लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और तीसरे सदस्य के लिए वरीय अपर समाहर्ता दिलीप कुमार को नियुक्त किया गया है।
कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को सुबह 9 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें नगर परिषद के सभी 28 वार्ड पार्षद मतदाता के रूप में भाग लेंगे और मतदान के माध्यम से तीन सदस्यों का चयन किया जाएगा। पूरे दिन रही राजनीतिक हलचल चुनाव को लेकर मंगलवार को नगर परिषद के पार्षदों के बीच पूरे दिन हलचल बनी रही। समिति के तीन सदस्यों का चयन बारी-बारी से मतदान के माध्यम से किया जाएगा। प्रशासन की ओर से चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अब तक सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों का चयन मनोनयन के जरिए होता था, लेकिन इस बार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। इससे पार्षदों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा और समिति की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। सूत्रों के अनुसार समिति के सदस्य बनने के लिए कई पार्षदों ने अपनी दावेदारी पेश की है। चुनाव को लेकर पार्षदों के बीच आपसी संपर्क और रणनीति बनाने का दौर तेज हो गया है। हर उम्मीदवार अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगा हुआ है। हालांकि सर्वसम्मति से सदस्य चुने जाने की संभावना भी जताई जा रही है। नामांकन से लेकर परिणाम तक एक ही दिन जिला प्रशासन के अनुसार बुधवार को सबसे पहले पूर्व मनोनीत सशक्त स्थाई समिति को भंग किया जाएगा। इसके बाद नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर निर्वाचित सदस्यों को शपथ भी दिलाई जाएगी। रिपोर्ट-प्रमोद तिवारी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


