
जिले में चाक-चौबंद सुरक्षा प्रबंध के बीच डाले गए वोट
जिले के सभी संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर की गई थी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्थाप्रबंध दिखे। कुल 363 भेद्य और 750 संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर तीन लेयर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। इन बूथों...
गोपालगंज, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिला प्रशासन द्वारा जिले में निष्पक्ष,सुरक्षित व भयमुक्त वातावरण में गुरुवार को मतदान संपन्न कराने को लेकर सभी मतदान केन्द्रों पर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विशेष रूप से सभी भेद्य और संवेदनशीन मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध दिखे। कुल 363 भेद्य और 750 संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर तीन लेयर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। इन बूथों पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल, बीएमपी और जिला पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। हर मतदान केन्द्र पर वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफर की व्यवस्था भी की गयी थी। साथ ही मतदान केन्द्र पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी तैनात रहे।

इसके अलावा गश्ती दल के दंडाधिकारी भी भ्रमणशील रहे। ------------------ केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों की 82 कंपनियां की गईं थी तैनात विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान जिले में अत्याधुनिक हथियारों से लैस केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल की कुल 82 कंपनियों के जवान तैनात किए गए थे। कुल 72 कंपनियों के जवान मतदान केन्द्र परिसर में सुरक्षा व विधि-व्यवस्था संधारण के लिए तैनात किए गए थे। जबकि, 10 कंपनियों के जवानों को मतदान केन्द्र के बाहर तैनात किया गया था। इसके अलावा जिला सशस्त्र बल के 02 हजार जवान और गृहरक्षक के 02 हजार जवान भी तैनात किए गए थे। ---------------- गंडक नदी और बांध पर हुई सघन गश्ती जिले के गंडक नदी के दियारा क्षेत्रों में गश्ती के लिए अश्वारोही दल की तैनाती की गयी थी। ये नदी के किनारे बांधों ,छरकियों व दियारा क्षेत्र में गश्त लगाते दिखे। जबकि, नाव पेट्रोलिंग के लिए भी पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। जो छह अंचलों से गुजरी गंडक नदी पर नाव से पेट्रोलिंग कर नजर रख रहे थे। उधर, बिहार-यूपी की सीमा पर सात और अंतरजिला सीमा पर 25 चेकपोस्ट बनाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। ----------------- सीमाओं पर स्थित बूथों पर सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम अंतरजिला व अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर पर्याप्त संख्या में अत्याधुनिक हथियारों से लैस केन्द्रीय अद्धैसैनिक बलों की तैनाती की गयी थी। इसके साथ ही दंडाधिकारियों की टीम पुलिस बलों के साथ मतदान के दिन लगातार गश्त लगाती रही। जिले के बरौली प्रखंड में 54, बैकुंठपुर में 33, सिधवलिया में 15, मांझा में 11, गोपालगंज में 22, थावे में आठ, पंचदेवरी में छह व कुचायकोट प्रखंड में 30 मतदान केन्द्र अंतरजिला व अंतरराज्यीय सीमाओं पर बनाए गए थे। इसी प्रकार कटेया में 13, भोरे में 10, विजयीपुर में 25, उचकागांव में चार और हथुआ में 29 मतदान केन्द्र अंतरजिला व अंतरराज्यीय सीमाओं पर बनाए गए थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




