कुचायकोट में रसोई गैस की नहीं हो रही होम डिलीवरी
कुचायकोट में रसोई गैस की होम डिलीवरी सेवा पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पहले रविशंकर इंडेन गैस एजेंसी द्वारा दी जाने वाली सेवा अब दस से अधिक एजेंसियों को सौंप दी गई है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। लोग लंबी कतारों में खड़े होकर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं।

कुचायकोट। एक संवाददाता प्रखंड में रसोई गैस की होम डिलीवरी सेवा पूरी तरह ठप होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। पहले गैस आपूर्ति की जिम्मेदारी रविशंकर इंडेन गैस एजेंसी के पास थी, लेकिन उसके टर्मिनेट होने के बाद जिले की अन्य एजेंसियों को जोड़ा गया। वर्तमान में दस से अधिक गैस एजेंसियों को वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बावजूद इसके स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर बुक करने के बाद भी समय पर होम डिलीवरी नहीं हो रही है। मजबूरी में लोगों को खुद एजेंसी के गोदाम तक जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है।
इसके लिए सुबह से ही लंबी कतार लगानी पड़ रही है। जहां घंटों इंतजार के बाद सिलेंडर मिल पा रहा है। इस स्थिति से खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और कामकाजी लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ता अमित कुमार, राजेश पांडेय, रविंद्र कुमार और मुकेश यादव ने बताया कि पहले घर तक गैस पहुंचाने की सुविधा थी, लेकिन पिछले कुछ समय से यह व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई एजेंसी संचालक फोन तक नहीं उठा रहे हैं। गैस एजेंसियों के गोदामों पर हर दिन भारी भीड़ उमड़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि होम डिलीवरी शुल्क लेने के बावजूद सेवा नहीं दी जा रही। लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। (कुचायकोट से रामानुज प्रसाद)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


