फाइलेरिया उन्मूलन के लिए 10 से चलेगा सर्वजन दवा सेवन अभियान
-टीओटी प्रशिक्षण में अधिकारियों को दिया गया दिशा-निर्देशगंभीर बीमारी के उन्मूलन को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 10 फरवरी से जिलेभर में सर्वजन दवा सेवन अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान को...

गोपालगंज,नगर संवाददाता। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 10 फरवरी से जिलेभर में सर्वजन दवा सेवन अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल स्थित एनआरसी भवन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह जिला कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुषमा शरण ने की। इस दौरान जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीएचएम, बीसीएम एवं वीबीडीएस को अभियान से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में 20 सदस्यीय जिला कोर ग्रुप की भूमिका को अहम बताया गया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सीएचओ के नेतृत्व में गठित पेशेंट स्टेकहोल्डर प्लेटफार्म के सक्रिय सदस्यों को जोड़कर इस कोर ग्रुप का गठन किया गया है, जो समुदाय में जागरूकता, विश्वास निर्माण और शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करेगा। डॉ. सुषमा शरण ने बताया कि फाइलेरिया क्यूलेक्स प्रजाति की मादा मच्छर के काटने से फैलने वाली लाइलाज बीमारी है, जिसका असर 5 से 10 वर्षों बाद हाथीपांव या हाइड्रोसील के रूप में सामने आता है। उन्होंने कहा कि बचाव का एकमात्र उपाय नियमित दवा सेवन है। अभियान के तहत स्वस्थ और बीमार, दोनों को दवा खिलाई जाएगी ताकि संक्रमण की श्रृंखला टूट सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और समुदाय से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि एमडीए सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामुदायिक आंदोलन है। बैठक में अभियान की रणनीति, दवा वितरण, दुष्प्रभाव और जनजागरूकता पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार अमित कुमार, वीडीसीओ प्रशांत कुमार, वीडीसीओ राजेश कुमार, सीफार के जिला समन्वयक नेहा कुमारी, पीरामल संस्था के प्रतिनिधि समेत अन्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




