मंगलपुर पुल के समीप वाहन से कुचलकर किसान की मौत
गोपालगंज के जादोपुर थाना क्षेत्र में मंगलपुर पुल के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 85 वर्षीय किसान रामनाथ साह की मौत हो गई। वह अपने खेत में पटवन देखने के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और परिजनों को सूचना दी।

गोपालगंज, हमारे संवाददाता। जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलपुर पुल के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सोमवार की देर शाम एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान बाबू विशनपुर गांव निवासी 85 वर्षीय रामनाथ साह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जादोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम किसान अपने खेत में हो रहे पटवन को देखने गए थे।
खेत से वापस घर लौटने के दौरान जैसे ही वे मंगलपुर पुल के समीप सड़क पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जादोपुर थाना की पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे। आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य रो-बिलख रहे परिजनों को समझा-बुझाकर घर ले गए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




