पंचदेवरी सहित जिले के नौ प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने की पहल तेज
चयनित विद्यालय भवनों में सत्र 2026-30 से पढ़ाई शुरू कराने का प्रस्तावजिले में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण पहल करते हुए कॉलेज विहीन प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालय खोलने की दिशा में...

गोपालगंज /पंचदेवरी, एक संवाददाता। जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण पहल करते हुए कॉलेज विहीन प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालय खोलने की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा द्वारा उच्च शिक्षा विभाग को भेजे गए प्रतिवेदन में सात निश्चय-3 के तहत वित्त रहित प्रखंडों में शैक्षणिक सत्र 2026-30 अध्ययन-अध्यापन शुरू कराने का प्रस्ताव रखा गया है। प्रतिवेदन में बताया गया है कि जिले के कुल 14 प्रखंडों में से पांच प्रखंडों में पहले से डिग्री महाविद्यालय संचालित हैं। जबकि शेष नौ प्रखंड अब भी कॉलेज विहीन हैं। जिन प्रखंडों में महाविद्यालय संचालित हैं, उनमें गोपालगंज प्रखंड में कमला राय कॉलेज व महेंद्र महिला कॉलेज, हथुआ में गोपेश्वर कॉलेज व श्रीराम संस्कृत कॉलेज, भोरे में भोला प्रसाद सिंह कॉलेज, थावे में संबद्ध डिग्री कॉलेज तथा कुचायकोट में श्री महेंद्र दास डिग्री कॉलेज शामिल हैं।
चयनित विद्यालयों की भेजी गई सूची इधर कॉलेज विहीन नौ प्रखंडों में अस्थायी रूप से डिग्री कक्षाओं के संचालन के लिए चयनित विद्यालयों की सूची भी विभाग को भेज दी गई है। प्रशासन के अनुसार कटेया में उच्च माध्यमिक विद्यालय परसौनी, विजयीपुर में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मथौली, फुलवरिया में उच्च माध्यमिक विद्यालय लखड़ी नवाडी, उचकागांव में मध्य विद्यालय अरना टोला, बैकुंठपुर में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवकुली, सिधवलिया में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जलालपुर, मांझा में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धर्मपरसा, बरौली में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुजुर्ग बालक तथा पंचदेवरी में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनहा बाजार के भवनों का चयन किया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि उपलब्ध आधारभूत संरचना को ध्यान में रखते हुए इन विद्यालय भवनों का चयन किया गया है। ताकि दूरदराज क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अपने प्रखंड में ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सके। विभागीय स्वीकृति मिलते ही चयनित संस्थानों में डिग्री कक्षाओं का संचालन शुरू कराने की तैयारी है। इस पहल से ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा और जिले में उच्च शिक्षा का दायरा और व्यापक होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


