सुंदरपट्टी में ई-रिक्शा पलटने से पति-पत्नी समेत आठ श्रद्धालु जख्मी
गोपालगंज के सुंदरपट्टी नहर रोड पर शुक्रवार को एक ई-रिक्शा पलटने से पति-पत्नी समेत आठ श्रद्धालु घायल हो गए। पति-पत्नी को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक बच्चे समेत अन्य को हल्की चोटें आईं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना पूजा के लिए थावे दुर्गा मंदिर जा रहे परिवार के साथ हुई।

गोपालगंज, हमारे संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सुंदरपट्टी नहर रोड में शुक्रवार को ई-रिक्शा पलटने से उस पर सवार एक ही परिवार के पति-पत्नी समेत आठ श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें पति-पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जबकि एक बच्चे सहित छह लोगों को हल्की चोटें आईं। घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया गया। बताया जाता है कि नगर थाना क्षेत्र के मुर्गिया टोला बसडीला गांव के सुमित कुमार अपनी पत्नी निक्की देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ई-रिक्शा रिजर्व कर थावे दुर्गा मंदिर में पूजा करने जा रहे थे।
सुंदरपट्टी नहर रोड पर पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ई-रिक्शा पलट गई। हादसे में सुमित कुमार और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बच्चे समेत अन्य छह लोगों को हल्की चोटें आईं। घायल पति-पत्नी दूसरे वाहन से इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंचे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य प्राथमिक उपचार के बाद घर लौट गए। ई-रिक्शा पलटने से चालक घायल गोपालगंज। थावे थाना क्षेत्र के पिठौरी गांव में ई-रिक्शा पलटने से चालक घायल हो गया। घायल की पहचान उसी गांव के राजेश बैठा के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि सोनू कुमार कुछ लोगों को ई-रिक्शा से थावे दुर्गा मंदिर में पूजा कराने के लिए छोड़ने गया था। उन्हें मंदिर पर छोड़कर वापस लौटते समय गांव के पास वाहन से उसका नियंत्रण बिगड़ गया। (रिपोर्टर-अभिजीत किशोर)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


