
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची के तहत दावा-आपत्ति 10 दिसंबर तक
कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को बैठक में शामिल होने पहुंचे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण व उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशिप्रकाश...
गोपालगंज, हिन्दुस्तान संवाददाता। कलेक्ट्रेट के सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाचन विभाग के पदाधिकारियों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। अध्यक्षता डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने की। बैठक में डीएम ने सभी राजनीतिक दलों को निर्वाचक सूची के दावों एवं आपत्तियों की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। डीएम ने बताया कि दिनांक 25 नवंबर को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जा चुका है। सभी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची उपलब्ध कराई जा चुकी है। डीएम ने बताया कि कोई भी योग्य शिक्षक, जिनका नाम प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक सूची में शामिल नहीं है वे प्रपत्र-19 में दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

साथ ही यदि किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज हो गया है, तो उसके लिए प्रपत्र-7 में आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। सूची में किसी प्रकार के संशोधन के लिए प्रपत्र- 8 में आवेदन किया जा सकता है। डीएम ने स्पष्ट किया कि दावा एवं आपत्ति की स्वीकार्यता की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित है। इस अवधि में प्राप्त सभी दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन एवं निष्पादन किया जाएगा। प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत 30 दिसंबर को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची का विधिवत् अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने स्तर से योग्य शिक्षकों को दावे एवं आपत्ति संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दें। ताकि निर्वाचक सूची पूर्णतः शुद्ध, तर्कसंगत एवं त्रुटिरहित तैयार की जा सके। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




