
लक्ष्मी सखी की समाधि पर देर रात तक भक्ति के रस में डूबे रहे श्रद्धालु
बैकुंठपुर प्रखंड के टेरुआ गांव स्थित संत लक्ष्मी सखी की समाधि पर शनिवार की देर रात तक आयोजित हुए भक्ति कार्यक्रम
बैकुंठपुर। एक संवाददाता प्रखंड के टेरुआ गांव स्थित संत लक्ष्मी सखी की समाधि पर शनिवार की देर रात तक भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से मठिया पर भजन व कीर्तन का आयोजन हुआ। इसके बाद लक्ष्मी सखी द्वारा रचित ग्रंथों पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु पूरी रात भक्ति रस में डूबे रहे। इसके अलावा रात में ही महाआरती और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं, रविवार को भी समाधि पर पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शीतलहर के बावजूद यहां समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना के लिए ग्रामीणों की आस्था अधिक दिखी।
रविवार को भी समाधि स्थल पर भजन कीर्तन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहा। ------------------- मेले में की खरीदारी महिला श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना के बाद मेले में सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी की। जबकि, बच्चों ने खेल-तमाशा व झूले का आनंद लिया। समाधि स्थल से बाहर मेले में भी श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। आसपास के गांवों और सीमावर्ती जिलों से महिला व पुरुष श्रद्धालु पहुंचे थे, जो पूजा-अर्चना के बाद मेले में शामिल हुए। उधर, सुरक्षा व विधि-व्यवस्था संधारण के लिए दंडाधिकारी, पुलिस अफसर व जवान तैनात दिखे। मठाधीश विद्या साखी ने बताया कि रविवार की देर रात में भजन, कीर्तन एवं भक्ति कार्यक्रमों का समापन किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




