Gopalganj News: डुमरिया के पुरातात्विक शिव मंदिर के संरक्षण व विकास की पहल शुरू
Gopalganj News: गोपालगंज के डुमरिया स्थित शिव मंदिर के संरक्षण, सुरक्षा एवं सुविधाओं के विकास के लिए प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्ट्रेट में बैठक में मंदिर की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और संरक्षित करने के लिए आवश्यक कार्यों पर चर्चा की गई। मंदिर की दीवारों में दरारें एवं ऊपरी गुंबद में क्षति की चिंता जताई गई।

Gopalganj News: गोपालगंज। जिले के राजकीय संरक्षित पुरातात्विक स्थल डुमरिया स्थित शिव मंदिर के संरक्षण, सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में डीएम समीर सौरभ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मंदिर के संरक्षण, जीर्णोद्धार और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में चर्चा
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर मंदिर की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक कार्यों पर विचार-विमर्श किया। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि करीब 125 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक मंदिर की संरचना काफी जर्जर हो चुकी है। मंदिर की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जबकि दीवारों एवं छत पर उगे पौधे भवन की मजबूती के लिए खतरा बन गए हैं।
संरक्षण के लिए कार्रवाई
मंदिर के ऊपरी गुंबद के क्षतिग्रस्त होने पर भी चिंता व्यक्त की गई। डीएम ने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की इस धरोहर का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करें, ताकि मंदिर को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा सके।
विशेषज्ञों की मदद
डीएम ने जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंद्रमौली कुमार को मंदिर के संरक्षण, जीर्णोद्धार और संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण के लिए विशेषज्ञों की सेवाएं लेने का निर्देश दिया। विशेषज्ञों से मंदिर परिसर का तकनीकी निरीक्षण कराकर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने को कहा। इसके बाद प्रस्ताव को शीघ्र ही पुरातत्व निदेशालय, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना भेजा जाए, ताकि आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद संरक्षण कार्य शुरू कराया जा सके।
सुरक्षा और सफाई
नियमित सफाई और सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर। बैठक में मंदिर परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई। डीएम ने संबंधित बीडीओ को पंचायत के स्वच्छताकर्मियों के माध्यम से नियमित सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
शौचालय निर्माण
वहीं पुरातत्व विभाग के समन्वय से सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया। सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारी मंदिर परिसर की निगरानी के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की भी होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में शौचालय निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया। डीएम ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया।
रिपोर्ट:- त्रिलोकी नाथ श्रीवास्तव
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


