भोरे में किराना दुकान में लूटपाट के बाद जड़ा ताला, मांगी 20 लाख की रंगदारी
स्थानीय थाने के हुस्सेपुर बाजार में गत मंगलवार की रात्रि हथियारों से लैस असामाजिक तत्वों ने दिया घटना को अंजाम

भोरे, एक संवाददाता। स्थानीय थाने के हुस्सेपुर बाजार में गत मंगलवार की रात्रि हथियारों से लैस असामाजिक तत्वों ने एक किराना दुकान में घुसकर लाखों की लूटपाट करते हुए मालिक और उसके परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की। जाते-जाते दुकान में अपना ताला जड़ दिया और खोलने के बदले 20 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की। मामले को लेकर चार नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़ित दुकानदार मनोज साह ने प्राथमिकी में कहा है कि घटना तिथि को वह अपने घर सह दुकान पर थे। इसी बीच जितेन्द्र भगत, धमेन्द्र भगत, बिपिन भगत और भोला भगत करीब 50 अज्ञात अपराधियों के साथ आकर साक्ष्य मिटाने की नीयत से सबसे पहले दुकान में लगे 5 सीसीटीवी कैमरों को उखाड़ दिया।
इसके बाद दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और विरोध करने पर उन्हें और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर मारपीट कर घायल कर दिए। साथ ही गल्ला में रखे एक सप्ताह की बिक्री का एक लाख रुपए नकद और दुकान में रखे चावल, दाल, आटा, तेल, तिरपाल समेत करीब 5 लाख का सामान लूट लिए। यही नहीं जाते-जाते अपराधियों ने दुकानदार और उनके परिवार को दुकान से बाहर निकाल दिया और अपना ताला जड़ दिया। फिर ताला खोलने के लिए 20 लाख रुपए रंगदारी की मांग भी की। मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाना, एसडीपीओ हथुआ, एसपी गोपालगंज और डीजीपी कंट्रोल रूम को शिकायत दर्ज करायी है। इधर, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रिपोर्ट-अभिजीत किशोर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


