बिहार के नालंदा में ट्रेन हादसा, मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतरे; कई ट्रेनों के परिचालन पर असर

लाइव हिन्दुस्तान, नालंदा
Follow us on Google News
share

बिहार के नालंदा जिले में बड़ा ट्रेन हादसा टल गया है। यहां एक मालगाड़ी की चार बोगियां बेपटरी हो गई हैं। हिलसा-चिकसौरा मार्ग समेत आसपास के कई रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

goods train derail

बिहार के नालंदा जिले में ट्रेन हादसा हो गया है। यहां मालगाड़ी की चार बोगियां बेपटरी हो गई हैंं। मालगाड़ी के बेपटरी होने से इस रूट पर कई ट्रेनों के परिचालन पर इसका असर पड़ा है। हादसे के बाद रेलवे की टीम स्थिति को संभालने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि नालंदा जिले में हिलसा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब फतुहा से नटेसर जा रही एक खाली मालगाड़ी की चार बोगियां अचानक बेपटरी हो गईं। घटना के बाद रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया, जबकि हिलसा-चिकसौरा मार्ग समेत आसपास के कई रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

खाली मालगाड़ी फतुहा से नटेसर की ओर जा रही थी। हिलसा रेलवे स्टेशन में प्रवेश करते समय अचानक उसकी चार बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधन ने तत्काल रेलवे के वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ घटना की जांच में जुट गई।

कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

मालगाड़ी के बेपटरी होने से इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। इसका असर दिल्ली से इस्लामपुर जाने वाली मगध एक्सप्रेस, पटना–इस्लामपुर पैसेंजर (लोकल) तथा इस्लामपुर–हटिया एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों पर पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक को जल्द से जल्द चालू कराने के लिए युद्धस्तर पर बहाली कार्य शुरू कर दिया है।

जांच के बाद सामने आएगा कारण

मौके पर मौजूद टीआई कुंदन कुमार ने बताया कि घटना के समय मालगाड़ी की रफ्तार लगभग 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। मालगाड़ी किन परिस्थितियों में बेपटरी हुई, इसका खुलासा तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पटना से राहत एवं बचाव दल को मौके पर भेज दिया गया है और ट्रैक बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।

सड़क यातायात भी हुआ प्रभावित

मालगाड़ी की बोगियां बेपटरी होने के कारण रेलवे ट्रैक अवरुद्ध हो गया, जिससे हिलसा–चिकसौरा मार्ग समेत आसपास के कई रेलवे फाटकों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही कई वाहन चालक और यात्री वैकल्पिक बाईपास मार्ग का उपयोग कर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।