सरकारी टीचर के लिए खुशखबरी: आज खुलेगा ट्रांसफर पोर्टल, मंत्री मिथिलेश तिवारी तबादले पर क्या बोले

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

शिक्षकों के तबादले के लिए पोर्टल खुलेगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि ट्रांसफर में शिक्षकों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा।

सरकारी टीचर के लिए खुशखबरी

Bihar Teacher Transfer: बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए खुशी की खबर है। आज से ट्रांसफर पोर्टल खुल जाएगा।अगले सप्ताह शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। एक-दो दिनों में विद्यालयवार रिक्तियों को अंतिम रूप देने के लिए सॉफ्टवेयर तैयार हो जाएगा। रिक्तियों का अंतिम डाटा तैयार होने के बाद शिक्षकों से ऐच्छिक तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन लिये जायेंगे। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि तबादले में शिक्षकों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा।

इसके लिए मानक मंडल के आधार पर रिक्तियों को सॉफ्टवेयर में दर्ज किया जायेगा। रिक्तियों की अंतिम फीडिंग पूरी होने के बाद विभाग ट्रांसफर पोर्टल खोलने की तैयारी पूरी हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार 20 जुलाई के बीच शिक्षकों से ऐच्छिक तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन लिये जा सकते हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होने से तबादलों में पारदर्शिता बढ़ेगी, रिक्तियों का सही आकलन होगा और शिक्षकों को अपनी पसंद के विद्यालयों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा मिलेगी।

इससे लंबे समय से लंबित तबादला प्रक्रिया को भी गति मिलने की उम्मीद है। इसी क्रम में 11 जुलाई को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीइओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) (डीपीओ) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके बाद विभाग ने 15 जुलाई तक चरणबद्ध तरीके से आठ-आठ जिलों के डीपीओ (स्थापना) को मुख्यालय बुलाने की भी तैयारी की है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सारा ट्रांसफर पोर्टल के माध्यम से होगा। कहीं किसी को भागने की जरूरत नहीं है। सभी सम्मानित शिक्षकों को सुविधा के अनुसार तबादले का मौका दिया जाएगा। गुरुजी ऑनलाइन तरीके से मनचाहे स्कूल में ई-शिक्षा कोष के माध्यम से आवेदन करेंगे। ट्रांसफर की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।

बिहार में नियोजित शिक्षकों को परीक्षा के माध्यम से सरकारी टीचर का दर्जा दिया गया। बीपीएससी के माध्यम से भी भारी संख्या में बहाली हुई। परीक्षा लेकर स्कूलों में हेड टीचर और हेडमास्टर की भर्ती की गयी। पोस्टिंग में बड़ी संख्या में शिक्षक दूर चले गए। सरकार उन्हें अपने इलाके में लौटने का मौका दे रही है। लंबे समय से इनके ट्रांसफर की मांग की जा रही थी। पहले चरण में गंभीर बीमारी, दिव्यांगता के आधार पर ट्रांसफर की बात कही जा रही है। आपसी स्थानांतरण पर भी जोर दिया गया है। पति-पत्नी की नौकरी, घर से दूरी, परिवार की जिम्मेदारी जैसे कारणों के आधार पर तबादले में प्राथमिकता दी जाएगी।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsसरकारी टीचर के लिए खुशखबरी: आज खुलेगा ट्रांसफर पोर्टल, क्या बोले मंत्री?