
बंद कमरे में डांस करवाया, फिर 6 लोगों ने गैंगरेप किया; पूर्णिया में लड़की से दरिंदगी
पूर्णिया में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जब कार सवार युवकों ने पहले लड़की को जबरन कार में बैठाया फिर बंद घर में ले जाकर 6 लोगों ने गैंगरेप किया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पूर्णिया जिले के डगरुआ थाना क्षेत्र में शनिवार की रात एक युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना थाना से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर एक बंद घर में हुई, जहां आधा दर्जन आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने जान बचाने के लिए आरोपियों के ही मोबाइल से डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। पीड़िता का कहना है कि शनिवार की शाम करीब सात बजे नेवालाल चौक पूर्णिया के पास से कार सवार लोगों ने जबरन पकड़ कर गाड़ी में बैठा लिया और डगरूआ लेकर चला गए। इसके बाद वहां एक बंद घर में डांस करवाया। फिर बारी-बारी कर छह लोगों ने उसके साथ मार-पीटकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया।
इसके बाद पांच लोग वहां से बाहर निकल कर कमरे में बाहर से ताला लगा दिया। जबकि एक व्यक्ति कमरे में ही रह गया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय के नेतृत्व में थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का ताला बाहर से लगा हुआ था। ताला खुलवाने पर कमरे के अंदर पीड़िता के साथ एक आरोपी मिला, जिसकी पहचान डगरुआ उपमुखिया पति जुनैद आलम के रूप में हुई। जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को सुरक्षित बाहर निकालकर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी डगरुआ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या सात निवासी हाफिजुद्दीन का पुत्र बताया जा रहा है। एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





