
भागकर शादी, वीडियो वायरल किया; मुस्लिम प्रेमी संग फरार युवती लौटी, मंदिर में शुद्धिकरण घर भेजा
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम युवक के साथ भागी युवती का मंदिर में शुद्धिकरण करवाया युवती ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ वीडियो बनाकर वायरल भी किया था। लेकिन उसकी मां ने पुलिस से गुहार लगाई थी कि लड़का उनकी बेटी को मार देगा।
बिहार के मुंगेर में मुस्लिम बॉयफ्रेंड के साथ फरार होकर शादी करने वाली हिंदू युवती घर वापस आ गई है। न्यायालय के आदेश पर उसे माता-पिता के साथ भेज दिया गया है। लेकिन इसके पहले उसका विधिवत शुद्धिकरण किया गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रक्रिया पूरी करवाई। युवती ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ वीडियो बनाकर वायरल भी किया था। लेकिन उसकी मां ने पुलिस से गुहार लगाई थी कि लड़का उनकी बेटी को मार देगा। लड़की को लेकर फरार होने वाला प्रेमी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
इस मामले में सफियासराय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि बरामद लड़की को न्यायालय के समक्ष उपस्थापित कर बयान दर्ज कराया गया। तत्पश्चात लड़की को परिजन अपने साथ ले गए। इधर, लड़की की बरामदगी के बाद विश्व हिन्दू परिषद के सदस्यों ने बड़ा हनुमान मंदिर में पूरी रीति रिवाज के साथ उसका शुद्धिकरण किया। बता दें कि 01 जनवरी को सफियासराय थाना में सिंघिया निवासी लड़की के पिता ने आवेदन दिया था। जिसमें गांव के ही मो.नियाजुल पर अगवा कर लिए जाने का आरोप लगाया था।
जानकारी के मुताबिक लड़की 30 दिसंबर को घर से निकलकर नियाजुल के साथ दिल्ली चली गई थी दोनों ने दिल्ली के तीस हजारी इलाके में स्थित आर्य समाज वैदिक संस्कार ट्रस्ट में शादी कर ली। इसके बाद लड़की ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। उसने वीडियो में कहा कि अपनी मर्जी से घर से नियाजुल के साथ गई है और उस पर किसी का दबाव नहीं है। वीडियो में उसने पुलिस प्रशासन से खुद और लड़के के परिवार को परेशान न करने की अपील भी की थी। यह भी कहा था कि वह खुश है। लेकिन लड़की मां ने उसी दिन पुलिस से गुहार लगाई थी कि नियाजुल उनकी बेटी को मार देगा।
पहली जनवरी को पिता ने मुंगेर के सफियाबाद थाना में सात लोगों के खिलाफ बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। इसके छह दिन बाद युवती वापस लौट गई। बस स्टैंड के पास पुलिस को मिली। पुलिस ने पूछताछ के बाद सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया और फिर उसे मुंगेर न्यायालय में बयान के लिए पेश किया। बयान में उसने माता-पिता के साथ जाने को राजी हो गई।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



