पटना के हॉस्टल में बेहोश मिली छात्रा की मौत, संचालक पर केस दर्ज
मेडिकल बोर्ड की देखरेख में होगा पोस्टपार्टम : सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

पटना में चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के मुन्नाचक इलाके में एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत हो गई। छात्रा छह जनवरी को हॉस्टल में अचेत अवस्था में पाई गई थी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हॉस्टल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जानकारी में छात्रा के साथ मारपीट और यौन शोषण की आशंका व्यक्त की गई थी, लेकिन चिकित्सीय जांच में यौन शोषण की पुष्टि नहीं हुई है। छात्रा के कमरे से बड़ी मात्रा में नींद की गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया उसकी मौत नींद की अधिक गोलियां लेने के कारण हुई है। इसके अलावा युवती मियादी बुखार से भी पीड़ित थी।
मेडिकल बोर्ड की देखरेख में होगा पोस्टपार्टम : सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम पीएमसीएच में मेडिकल बोर्ड टीम की देखरेख में किया जाएगा। वहीं पुलिस ने छात्रा का मोबाइल भी बरामद किया है। मोबाइल में उसने गूगल पर कई बार आत्महत्या करने के तरीके को सर्च किया था।
जहानाबाद की रहनेवाली थी छात्रा
छात्रा पांच जनवरी को अपने घर जहानाबाद से मुन्नाचक स्थित हॉस्टल पहुंची थी। छह जनवरी को वह अपने कमरे में बेहोश पाई गई। उसी दिन उसे कदमकुआं थाना क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया पर उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण नौ जनवरी को उसे कंकड़बाग के एक अन्य अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। वहां वह कोमा में चली गई और रविवार को उसकी मौत हो गई। इधर, छात्रा के पिता ने बेटी के साथ मारपीट और अन्य अनुचित गतिविधियों की आशंका व्यक्त करते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।



