
सुसाइड नोट में लड़के का नाम और रेलवे क्वार्टर में छात्रा की लाश, फैली सनसनी
सूचना मिलते ही सहायक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें एक लड़के का नाम होने की बात सामने आई है।
बिहार के कटिहार जिले में स्थित रेलवे क्वार्टर में छात्रा की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। यहां सहायक थाना क्षेत्र के ओटीपाड़ा स्थित रेलवे क्वार्टर में 15वर्षीय एक छात्रा की लाश पंखे से लटकी मिलने से रेलवे कॉलोनी में सनसनी फैल गई। मृतक छात्रा की उम्र करीब 15 से 16 वर्ष बताई जा रही है। वह स्थानीय सरकारी स्कूल की छात्रा थी। चर्चा है कि छात्रा स्कूल से घर लौटने के बाद अपने क्वार्टर के कमरे में चली गई और कुछ देर बाद उसने फंदा लगा लिया। मामला हत्या का है या किसी बात को लेकर तनाव के कारण आत्महत्या का इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है।
बताया जाता है कि छात्रा अपनी मां की मौत के बाद अपने पिता, रेलकर्मी मनोहर प्रसाद के साथ रहती थी। उसकी मां कैंसर से पीड़ित थी और कुछ वर्ष पहले ही उनका निधन हो गया था। घटना के बाद पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही सहायक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें एक लड़के का नाम होने की बात सामने आई है।
हालांकि आत्महत्या की स्पष्ट वजह क्या है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस सुसाइड नोट की भाषा, परिस्थितियों और छात्रा के व्यक्तिगत जीवन से जुड़े विवरणों की बारीकी से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, छात्रा शांत स्वभाव की थी और हमेशा पढ़ाई में व्यस्त रहती थी। किसी तरह के विवाद की जानकारी पहले कभी सामने नहीं आई थी।
मामला आत्महत्या का है या फिर कुछ और इसको जानने के लिए पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे छिपे वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है। थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।





