डेढ़ साल की बच्ची को काटकर मार डाला, दूसरी घटना से फूटा गुस्सा; मुजफ्फरपुर में कुत्तों का आतंक
पिता मुकेश कुमार सहनी ने बताया कि रुक्मिणी दरवाजे पर खेल रही थी। घर के लोग भी आसपास में ही थे। इसी दौरान अचानक पांच से छह आवारा कुत्ते आ धमके। बच्ची को नोचते हुए खींचकर खेत की ओर ले गए।

बिहार मुजफ्फरपुर में अहियापुर थाना के राजा पुनास गांव में गुरुवार की सुबह दरवाजे पर खेल रही डेढ़ साल की मासूम रुक्मिणी कुमारी को कुत्ते ने नोचकर मार डाला। बच्ची के शरीर पर कुत्तों के दांत से दर्जनों गहरे जख्म आए। घटना को लेकर परिवार वालों में कोहराम मच गया।
मासूम के पिता मुकेश कुमार सहनी ने बताया कि रुक्मिणी दरवाजे पर खेल रही थी। घर के लोग भी आसपास में ही थे। इसी दौरान अचानक पांच से छह आवारा कुत्ते आ धमके। बच्ची को नोचते हुए खींचकर खेत की ओर ले गए। परिवार के लोगों ने देखा तो डंडा लेकर दौड़े। तब तक बच्ची लहूलुहान हो चुकी थी। परिवार के लोग उसे गंभीर स्थिति में एसकेएमसीएच लेकर भागे। हालांकि, रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक है। हाल के दिनों में 40 लोग कुत्तों का शिकार हो चुके हैं। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने कहा,प्रशासन इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहा है।
कुत्तों ने बिस्कुट लेने जा रही एंजल को मार डाला था
मुजफ्फरपुर शहर और उसके आसपास के गांव में आवारा कुत्ते के आतंक का खौफ है। अहियापुर के राजा पुनास गांव में रुक्मिणी कुमारी की कुत्ते के हमले में दूसरी मौत हुई है। साढ़े तीन साल पहले मिठनपुरा थाना के शिवशंकर पथ में एंजल कुमारी को कुत्तों ने नोच कर मां के सामने ही मार डाला था।
एंजल मां से पांच रुपये लेकर गली में बिस्कुट खरीदने निकली थी। बच्ची को रुपये देकर मां रीतू कुमारी भी पीछे से आ रही थी। बच्ची दौड़कर कुछ आगे बढ़ गई थी। इस दौरान गली में आवारा कुत्तों ने एंजल पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने उसकी गर्दन बदोच ली। सीना और पेट पर भी गहरा जख्म कर दिया। मां दौड़कर बच्ची को बचाने आई। तब तक कुत्ता उसकी गर्दन में गहराई तक दांत गड़ा चुका था। लहूलुहान एंजल को मां सदर अस्पताल लेकर भागी। लेकिन, उसने दम तोड़ दिया था। इसके बाद निगम ने कुत्तों की नसबंदी कराने से लेकर कई योजनाएं स्वीकृत की, लेकिन अब तक कोई योजना कागज से आगे नहीं बढ़ पाई।
ग्रामीण इलाकों में भी कुत्ते बच्चे और लोगों पर हमला बोल रहे हैं। बोचहां के शरफुद्दीनपुर में दो बच्चियों के सिर को कुत्ते ने दबोचा तो खोपड़ी के खाल समेत पूरी बाल ही नोच ली थी। कई दिनों तक दोनों जिंदगी-मौत से जूझते रहे।
पारू में दबंग के कुत्ते के हमले में बच्चे की हो गई थी मौत
पारू इलाके के एक दबंग के पालतू कुत्ते को टहलाने के लिए निकाला गया। सड़क किनारे खेल रहे बच्चों पर कुत्ते ने हमला कर दिया। इसमें एक मजदूर परिवार के बच्चे को कुत्ते ने दबोचा तो उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर वीडियो वायरल हुआ, लेकिन मामला मैनेज हो जाने के कारण केस नहीं हुआ।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

