
लालूजी, आपका भी कुर्ता फाड़ देगा, गेट मत खोलिएगा; गिरिराज सिंह ने आरजेडी चीफ को क्यों दी नसीहत
Bihar Election: गिरिराज सिंह ने लालू यादव को गेट नहीं खोलने की नसीहत दी दी है। कहा है कि कार्यकर्ता ही उनका कुर्ता फाड़ देगा।
Bihar Election: राजद में टिकट बंटवारे का विवाद कुर्ता फाड़ने तक पहुंच गया है। रबड़ी आवास के बाहर टिकट के दावेदारों और समर्थकों की भीड़ कई दिनों से लगी है। चुनाव लड़ने की उम्मीद पाले नेताओं को जब बेटिकट होने की खबर मिल रही है तो तरह तरह के ड्रामे कर रहे हैं। रविवार को मधुबन विधानसभी सीट से उतरने की आस लगाए मदन साह टिकट नहीं मिलने पर चिल्ला चिल्ला कर रोने लगे और अपना कुर्ता फाड़ लिया। टिकट के लिए जारी प्रदर्शन के बीज गिरिराज सिंह ने लालू यादव को गेट नहीं खोलने की सलाह दी है।
गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि महागठबंधन में टिकट खरीद-बिक्री की जा रही है जिसे लेकर सिर फुटव्वल चल रहा है। उनके घर से बाहर गेट पर कार्यकर्ता काफी गुस्से में हैं और अपना ही कुर्ता फाड़ रहे हैं। मैं लालू प्रसाद यादव से निवेदन करूंगा कि दरवाजा मत खोलिएगा नहीं तो ये आपका भी कुर्ता फाड़ देंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि बिहार के गांव की कहावत है कि खेत खाए गदहा और मार खाए जोलहा। संजय यादव और तेजस्वी यादव पर आरोप लग रहा है। बाहर का आक्रोश ऐसा दिख रहा है कि समझ में नहीं आ रहा है कि लालू जी अगर खोल दिए तो क्या होगा। मैं तो मना करूंगा कि लालू जी मत खोलिए गेट।
रविवार को पटना में राबड़ी आवास के गेट पर कुर्ता फाड़ने वाले मदन साह ने कहा कि संजय यादव ने उससे दो करोड़ 70 लाख रुपए ले लिया। तेजस्वी यादव बहुत घमंडी हो चुके हैं। अपने कार्यकर्ताओं की बात भी नहीं करते हैं। लोगों से मिलते भी नहीं। संजय यादव से सब करवा रहे हैं। कहा कि बीजेपी के एजेंट संतोष कुशवाहा को टिकट दे दिया और मेरा काट दिया। मैं मर जाउंगा तो मेरे बच्चों को कौन देखेगा। मदन साह जमीन पर लोटकर छटपटाने लगे।





