शराब से भी ज्यादा खतरनाक है तंबाकू, रहे इससे दूर
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर, आईएमए गया शाखा और ब्रह्माकुमारी संस्था ने जागरूकता रैली का आयोजन किया। इसका उद्देश्य तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था। डॉ. एम. ई. हक ने तंबाकू को शराब से अधिक खतरनाक बताया। रैली गांधी मैदान में समाप्त हुई, जहां लोगों को तंबाकू का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को आईएमए गया शाखा और ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. एम. ई. हक ने कहा कि तंबाकू शराब से भी अधिक खतरनाक है और इसके सेवन से बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि तंबाकू में चार हजार से अधिक हानिकारक तत्व पाए जाते हैं, जो मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक हैं। जागरूकता रैली आईएमए हॉल से शुरू होकर गेवाल बिगहा बस स्टैंड, जयप्रकाश झरना होते हुए गांधी मैदान पहुंची।
वहां उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई। रैली को संबोधित करते हुए आईएमए गया शाखा के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह ने कहा कि लोगों को तंबाकू कंपनियों के आकर्षक विज्ञापनों के प्रभाव में नहीं आना चाहिए और अपनी सेहत को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बिहार में प्रतिवर्ष लगभग एक लाख, भारत में 13 लाख और विश्वभर में करीब 80 लाख लोगों की मौत तंबाकू जनित कैंसर और अन्य बीमारियों से होती है। कार्यक्रम में डॉ. विमलेन्दु विमल, डॉ. डी.के. सहाय, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. कुंदन, डॉ. प्रांशु कुमार और डॉ. प्रदीप कुमार सहित कई चिकित्सक शामिल हुए।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


