
मगध मेडिकल परिसर से चोरी गया बच्चा आठ दिन बाद भी लापता
फॉलोअप -बच्चे की तलाश में दर-दर भटक रहे माता-पिता -बच्चे को चोरी करने वाली
मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल से चोरी गए छह माह के बच्चे का आठ दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परैया प्रखंड के सुदर्शन दास और उनकी पत्नी अपने लापता बच्चे की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। घटना के आठ दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक बच्चे और आरोपित महिला का पता नहीं लगा सकी है। घटना 22 अक्टूबर की है। सुदर्शन दास अपने छह माह के बच्चे के साथ पत्नी की इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल आए थे। इसी दौरान एक अज्ञात महिला बच्चे को दुलारने के बहाने उसके पिता के पास आई।

कुछ देर बात करने के बाद उसने बच्चे को गोद में उठाया और मौका पाकर अस्पताल परिसर से फरार हो गई। यह पूरी वारदात अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपित महिला की तस्वीर जारी कर दी है और उसकी तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के जिलों और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य संभावित स्थानों पर भी लगातार छानबीन कर रही है। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। बच्चे के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि वे हर थाने और अस्पताल में जाकर अपने बच्चे की जानकारी दे चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली। इस मामले में मगध मेडिकल थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है, जिस ऑटो पर बैठकर महिला फरार हुई थी। उस ऑटो की पहचान कर ली गई है। ऑटो चालक से पूछताछ की गई, इसमे उसने बताया कि उक्त महिला घुठिया मोड़ के पास उतर गई थी। पुलिस ने कहा महिला की तलाश की जा रही है। बच्चे को सुरक्षित बरामद करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




