ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार गयाविष्णुपद मंदिर से झूमते-गाते निकली श्रीराम की बारात

विष्णुपद मंदिर से झूमते-गाते निकली श्रीराम की बारात

श्री विष्णुपद मंदिर में लगातार 100वें साल बुधवार से श्रीराम विवाह महोत्सव धूमधाम के साथ शुरू हुआ। चार दिवसीय आयोजन के पहले दिन बुधवार की दोपहर मंदिर प्रांगण से भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकली।...

विष्णुपद मंदिर से झूमते-गाते निकली श्रीराम की बारात
हिन्दुस्तान टीम,गयाWed, 22 Nov 2017 05:17 PM
ऐप पर पढ़ें

श्री विष्णुपद मंदिर में लगातार 100वें साल बुधवार से श्रीराम विवाह महोत्सव धूमधाम के साथ शुरू हुआ। चार दिवसीय आयोजन के पहले दिन बुधवार की दोपहर मंदिर प्रांगण से भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकली। बैंड-बाजे, ऊंट व घोड़े के साथ निकली भव्य बारात में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बारात में चांदी मढ़ी फूल-मालाओं से सजे पालकी पर विष्णुचरण विराजमान थे।

मुख्य आकर्षण श्रीराम दरबार की झांकी रही। ट्रैक्टर पर श्रीराम दरबार में राम, लक्ष्मण, माता सीता, भक्त हनुमान, विभीषण की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। सड़क के दोनों किनारे व छत पर खड़े लोग शोभा यात्रा को श्रद्धापूर्वक निहारते नजर आए। बारात में शामिल डीजे और बैंडों से निकल रही धार्मिक गीतों से पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। शहर श्रीराममय हो गया। भक्ति गीतों पर श्रद्धालुओं की टोली झूमती रही।

देर रात विष्णुपद मंदिर लौटी बारात

श्री विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति, इलाके चौदहसईया गयापाल के बैनर तले निकली बारात दक्षिण दरवाजा, नारायणचुआं, चांदचौरा, नई सड़क, रामसागर, कोयरीबाड़ी, पीरमंसूर, गोदाम केपी रोड, टेकारी रोड, आजाद पार्क (पश्चिमी मार्ग), गोलपत्थर, लहेरिया टोला, टावर चौक, रमना व कोयरीबाड़ी होते हुए देर रात में विष्णुपद प्रांगण लौट आयी। शोभा यात्रा (बारात) में समिति के अध्यक्ष कन्हैया लाल मिश्र, सचिव गजाधर लाल पाठक, शंभू लाल विट्ठल, कन्हैया लाल चौधरी, महेश लाल गुपुत, मुन्ना लाल गुर्दा, बच्चू लाल चौधरी, विवेक लाल भैया, गौतम लाल गायब, राधेलाल चौधरी व रामनाथ विट्ठल सहित अन्य गयापाल व भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आज शाम होगा श्रीराम का विवाह

चार दिवसीय श्रीराम विवाह महोत्सव को लेकर विष्णुपद मंदिर को रंग-बिरंगे बल्बों से सजाया गया है। अध्यक्ष कन्हैया लाल मिश्र व सचिव गजाधर लाल पाठक ने बताया कि गुरुवार की शाम विष्णुपद मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम का विवाह भव्य तरीके से धूमधाम से होगा। विवाह में भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल होंगी। पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न होगा। शादी के बाद विष्णुपद मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। विवाह महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को भंडारा होगा और अंतिम दिन शनिवार को दरिद्रनारायण भोज के साथ महोत्सव का समापन होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें