जीटी रोड पर आमने-सामने की टक्कर में दो बाइक सवार गंभीर

Newswrap हिन्दुस्तान, गया
share

जीटी रोड पर कर्माइन के पास दो बाइक के बीच टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को शेरघाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक युवक शादी के न्योते पर जा रहा था जबकि दूसरा शपथपत्र बनवाने जा रहा था। पिछले 24 घंटे में इस क्षेत्र में यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है।

जीटी रोड पर आमने-सामने की टक्कर में दो बाइक सवार गंभीर

जीटी रोड पर कर्माइन के पास गुरुवार की सुबह दो बाइक के बीच हुई सीधी टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए गया रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों को एक स्थानीय ऑटो चालक धीरज कुमार ने आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान आमस थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह गांव निवासी रंजीत कुमार और आंती थाना क्षेत्र के बरई गांव निवासी अनुज पाल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों अलग-अलग बाइक पर सवार थे और कर्माइन मोड़ के पास आमने-सामने की टक्कर में हादसे का शिकार हो गए।

घटनास्थल आमस थाना क्षेत्र में पड़ता है।घटना के संबंध में आमस के हरदासपुर गांव की मानमती देवी ने बताया कि घायल अनुज पाल उनकी बहन का बेटा है। वह अपने छोटे भाई मोहन पाल की शादी का न्योता देने हरदासपुर आया था और वापस लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गया। उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल को उसके भाई का तिलक होना था, लेकिन इस हादसे से परिवार में खुशी का माहौल चिंता में बदल गया है।वहीं, पूर्णाडीह गांव के संजय चौधरी ने बताया कि उनका बेटा रंजीत कुमार शपथपत्र बनवाने के लिए शेरघाटी कोर्ट जा रहा था। इसी दौरान कर्माइन मोड़ के पास दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी तब मिली जब उन्होंने बेटे के मोबाइल पर कॉल किया और दूसरी तरफ से किसी व्यक्ति ने बताया कि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है।गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे के भीतर शेरघाटी क्षेत्र में यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले बुधवार की शाम पिपरघट्टी (डोभी) के पास जीटी रोड पर हुए हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।