Gaya News: जांच हुई पर नहीं खुला सिमरिया का प्राथमिक विद्यालय; बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
Gaya News: जांच हुई पर नहीं खुला सिमरिया का प्राथमिक विद्यालय; बच्चों की पढ़ाई प्रभावित -विद्यालय स्थापना की प्रक्रिया अधर में, वर्षों से इंतजार कर रहे ग्रामीण

Gaya News: टनकुप्पा प्रखंड की भेटौरा पंचायत के सिमरिया गांव में प्रस्तावित प्राथमिक विद्यालय अब तक शुरू नहीं हो सका है। विद्यालय स्थापना के लिए विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद आगे की कार्रवाई नहीं होने से गांव के बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विद्यालय के अभाव में छोटे बच्चों को दूर-दराज के स्कूलों में जाना पड़ता है, जिससे कई बच्चे नियमित रूप से शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। मुखिया दिलीप यादव ने कहा कि लंबे समय से प्राथमिक विद्यालय की मांग की जा रही है। लेकिन, अब तक केवल औपचारिक जांच कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
इससे अभिभावकों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस ज्वलंत मुद्दे को पंचायत समिति की बैठक में भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि सिमरिया गांव के बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। इसपर यथाशीघ्र ध्यान दिया जाए।उन्होंने बैठक में प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर सिमरिया गांव में प्राथमिक विद्यालय की स्थापना सुनिश्चित करने की मांग की। मुखिया ने जिलाधिकारी से भी आग्रह किया कि बच्चों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय खोलने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए, ताकि गांव के बच्चों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध हो सके।


