गया जी : पुलिस ने छह अपहरणकर्ताओं को किया गिरफ्तार

Nov 30, 2025 07:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गया
share Share
Follow Us on

-तीन लाख रुपये फिरौती के लिए गेबल बिगहा से टोटो चालक जितेंद्र प्रसाद को

गया जी : पुलिस ने छह अपहरणकर्ताओं को किया गिरफ्तार

गया जी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र आठ घंटे के अंदर टोटो चालक के अपहरण मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस कांड में शामिल एक महिला समेत छह अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत जितेंद्र प्रसाद को सरबहदा थाना इलाके के नैली गांव से सकुशल बरामद कर लिया है। घटना गेबल बिगहा इलाके की है, जहां से अपहरणकर्ताओं ने 29 नवबंर को टोटो चालक जितेंद्र प्रसाद को अगवा कर लिया था। अपराधियों ने परिजनों को फोन कर तीन लाख रुपये की फिरौती की मांग की। फिरौती न मिलने पर उन्होंने परिजनों से चार पहिया वाहन और ब्लैंक चेक देने की धमकी दी।

पीड़ित के पुत्र रौशन कुमार ने तुरंत इसकी सूचना रामपुर थाने की पुलिस को दी। मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और स्थानीय सूचना तंत्र का इस्तेमाल करते हुए अपहरणकर्ताओं की पहचान और संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि अपहरणकर्ता पीड़ित को सरबहदा थाना क्षेत्र के नैली गांव की ओर ले गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने देर रात तक कई जगहों पर छापेमारी की। रणनीति के तरीके से घेरेबंदी करते हुए पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को काबू में लिया और अपहृत जितेंद्र प्रसाद को सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रेसवार्ता करते हुए टाउन डीएसपी सरोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में रंजीत कुमार, निवासी नैली, थाना सरबहदा, अतिम कुमार, आदर्श उर्फ दीपु, अभिषेक कुमार, निवासी रामधनपुर, थाना कोतवाली, सहित कुल पांच पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपित रंजीत कुमार ने बताया कि अपहृत जितेंद्र प्रसाद को उसके चचेरे भाई और मां की मदद से नैली गांव में बंधक बनाकर रखा गया था। रंजीत के निशानदेही पर पुलिस नैली पहुंची और उसकी मां से पूछताछ की। महिला ने कबूल किया कि अपहृत व्यक्ति को मुकेश ठाकुर के घर में बंद कर रखा गया है, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की और जितेंद्र प्रसाद को सकुशल बरामद कर लिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।