जलापूर्ति केंद्र पर आधी रात बदमाशों ने किया हमला, फायरिंग कर लाखों का सामान लूटा
दांडीबाग जलापूर्ति परिसर में 45 मिनट तक मचाया उत्पात, पुलिस के पहुंचने से पहले हुए

शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र की दंडीबाग जलापूर्ति केंद्र पर बदमाशों ने गुरुवार की देर रात जमकर उत्पात मचाया। देर रात 12 से 14 हथियारबंद बदमाशों ने परिसर में धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य के कॉपर तार, पीतल के नल, मोटर के पुर्जे और अन्य कीमती उपकरण लूट कर फरार हो गए। कर्मचारियों के विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर पूरे परिसर में दहशत फैला दी और करीब 45 मिनट तक बेखौफ होकर सामान ढोते रहे। जलापूर्ति केंद्र के कर्मचारियों के अनुसार रात करीब 12 बजे अपराधी हथियारों के साथ जलापूर्ति केंद्र में घुसे और सीधे उन स्थानों पर पहुंच गए जहां महंगे उपकरण रखे थे।
बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से कॉपर तार और अन्य सामान ले जाने लगे। जब कर्मचारियों ने रोकने की कोशिश की तो अपराधियों ने गोली चलाकर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनते ही कर्मियों में भगदड़ मच गई और वे जान बचाकर इधर-उधर छिप गए।कर्मचारियों का कहना है कि अपराधी करीब 45 मिनट तक परिसर में खुलेआम उत्पात मचाया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर विष्णुपद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।केंद्र के एक कर्मचारी ने दावा किया कि वर्ष 2018 से अब तक यहां 8 से 10 करोड़ रुपये मूल्य के कॉपर तार, मोटर और अन्य उपकरण चोरी हो चुके हैं। बावजूद इसके सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। घटना के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि बार-बार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं के बावजूद न तो सुरक्षा बढ़ाई गई और न ही जिम्मेदार अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई। बुडको के परियोजना निदेशक अशोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। कितने का सामान लुटा गया है। इसका आकलन किया जा रहा है।बयानघटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। कुछ का पहचान हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल पर फायरिंग होने की पुख्ता सबूत नहीं मिली है।-परमानंद कर्ण, थानाध्यक्ष, विष्णुपद।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


