युवक के ऊपर से गुजर गई मालगाड़ी, खरोंच तक नहीं आई
मालगाड़ी के नीचे से रेल ट्रैक पार करने के दौरान अचानक चल पड़ी मालगाड़ी
गया जी के पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर रविवार की सुबह एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसे देखने वालों के होश उड़ गए। सुबह करीब साढ़े 10 बजे मालगाड़ी के नीचे से ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहे एक युवक के ऊपर से पूरी ट्रेन गुजर गई, लेकिन गनीमत रही की युवक को खरोंच तक नहीं आई। घटना का वीडियो तेजी से फैल गया, जिसे लोग ईश्वरीय चमत्कार के तौर पर देख रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। उसी समय पहाड़पुर स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी अचानक चल पड़ी। रेलवे द्वारा ट्रेन खुलने की घोषणा (एलाउंसमेंट) भी की जा रही थी, लेकिन युवक ने लापरवाही करते हुए ट्रैक पार करने की जोखिम उठा लिया।
इस बीच ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ी और युवक बीच में फंस गया। युवक ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। वह घबराया नहीं, बल्कि तुरंत ट्रैक के बीच सीधा लेट गया और शरीर को बिल्कुल स्थिर कर लिया। जिससे उसकी जान बच गई। करीब आधा मिनट तक चलती मालगाड़ी के डिब्बे उसके ऊपर से गुजरते रहे। प्लेटफॉर्म पर खड़े लोग यह दृश्य देख दहशत में आ गए। कई लोगों ने अपनी आंखे ढंक ली तो कई लोग युवक की सलामती की प्रार्थना करने लगे। लोगों को उम्मीद थी कि ट्रेन रुकने के बाद स्थिति भयावह होगी। लेकिन, ट्रेन के गुजरते ही युवक खुद उठकर खड़ा हुआ और वहां से तुंरत भाग गया। हालांकि वहां मौजूद यात्रियों ने युवक को रोकने की पूरी कोशिश की। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। ट्रैक पार करना सख्त प्रतिबंधित और जोखिम भरा है, इसके बावजूद लोग इसकी अनदेखी कर दुर्घटना को दावत देते हैं। जरा-सी चूक बड़ी दुर्घटना में बदल सकती थी। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में ट्रैक पार न करें और फुट ओवरब्रिज या निर्धारित रास्तों का ही उपयोग करें। कोट मालगाड़ी के नीचे से एक युवक रेल ट्रैक पार कर रहा था। उसी समय ट्रेन खुल गई और युवक ट्रैक पर फंस गया। यह घटना संज्ञान में आया है। स्टेशन पर तैनात आरपीएफ बल जब मौके पर पहुंचे तो युवक वहां से जा चुका था। --दीपक कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




