ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार गयाबारिश के बाद सुहाना हुआ मौसम

बारिश के बाद सुहाना हुआ मौसम

गया में बारिश के बाद मौसम का मिजाज सुहाना हो गया। बादलों के बीच पुरवइया चलने से तीखी धूप और गर्म हवा से राहत मिली...

बारिश के बाद सुहाना हुआ मौसम
हिन्दुस्तान टीम,गयाSun, 24 Jun 2018 07:01 PM
ऐप पर पढ़ें

गया में बारिश के बाद मौसम का मिजाज सुहाना हो गया। बादलों के बीच पुरवइया चलने से तीखी धूप और गर्म हवा से राहत मिली है। शनिवार की रात से लेकर रविवार की शाम तक गया में 29.6 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। शनिवार की रात 8 बजे से गया शहर के अलावा कुछ ग्रामीण इलाकों में भी करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। रविवार की दोपहर भी गया शहर के कुछ हिस्सों स्टेशन, बाजार, विष्णुपद आदि इलाके में वर्षा हुई। शहर के उत्तरी इलाके छोटकी नवादा, पंचायती अखाड़ा, कंडी नवादा इलाके में सिर्फ बादल मंडराए। मौसम विभाग के अनुसार प्री मानसून की बारिश हो रही है। अगले दो दिनों में मानसून के आने के बाद अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।

दो दिनों से लुढ़क रहा पारा

12 जून से लेकर 22 जून तक गया भीषण गर्मी की चपेट में रहा। तीखी धूप, लू के साथ उमस भरी गर्मी का भी काफी असर रहा। लेकिन पिछले दो दिनों से अधिकतम पारा के लुढ़कने से मौसम का मिजाज नर्म हुआ है। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट आयी। रविवार को अधिकतम 37.9 और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को 39.3 व 28.7 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रहेगा।

नमी बढ़ने से सता रही उमस

बारिश और बादल के कारण नमी की मात्रा बढ़ गयी। रविवार की सुबह नमी की मात्रा 65 व शाम को 74 फीसदी रही। जबकि शनिवार की सुबह 51 व शाम में 43 फीसदी रही थी। अधिकतम तापमान के कम होने के बाद नमी की मात्रा बढ़ने से तल्खी से तो राहत है लेकिन उमस भरी गर्मी सता रही है। बदले मौसम में हवा में रहने पर राहत मिल रही है। लगातार 10 दिनों तक भीषण गर्मी से त्राहि-त्राहि कर रहे लोग शनिवार की रात से सुकून महसूस कर रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें