विष्णुपद मंदिर में वैकुंठ चतुर्दशी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
-50 हजार से अधिक भक्तों ने किया विष्णुचरण का दर्शन, मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद -भगवान
कार्तिक माह की पवित्र वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर मंगलवार को गया स्थित प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह की मंगल आरती से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ी रही। करीब 50 हजार से अधिक भक्तों ने भगवान विष्णु के चरणों का दर्शन-पूजन किया और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में महिलाओं की संख्या अधिक रही। शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। वहीं, फल्गु नदी के देवघाट पर भी महिलाओं ने पूजा-अर्चना की और दीपदान कर मनोकामना मांगी।

विष्णुपद के अलावा मार्कण्डेय, रामशिला, पितामहेश्वर, मां मंगलागौरी, बगला स्थान, शीतला स्थान और बागेश्वरी सहित अन्य मंदिरों में वैकुंठ चतुदर्शी पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भगवान शिव पर तुलसी और श्री विष्णु पर बेलपत्र चढ़ाए धार्मिक मान्यता के अनुसार वैकुंठ चतुर्दशी के दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु दोनों की एक साथ पूजा करने का विशेष महत्व है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव पर तुलसी और भगवान विष्णु पर बेलपत्र चढ़ाए। विष्णुचरण पर बेलपत्र चढ़ाकर वैकुंठ लोक की कामना की। ऐसा करने से वैकुंठ लोक की प्राप्ति होती है और जीवन में सभी कष्टों का निवारण माना गया है। विष्णुपद मंदिर के सभा मंडप में श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर आराधना की और देर शाम तक भगवान विष्णुचरण पर मत्था टेक मंगलकामना की। श्री विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल ने बताया कि पूरे दिन मंदिर में पूजा-अर्चना का विशेष आयोजन किया गया। जिसमें 50 हजार से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने भाग लिया। कार्तिक पूर्णिमा पर आज रहेगी एक लाख से अधिक भीड़ कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को विष्णुपद मंदिर और फल्गु नदी के घाटों पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। देवघाट, गजाधर घाट, संगत घाट और सीताकुंड घाट पर कार्तिक स्नान करने वालों की भीड़ उमड़ेगी। श्री विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभूलाल विट्ठल ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहेगी। भारी भीड़ को देखते हुए सफाई और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


