
अक्षर आंचल योजना : फतेहपुर की 36 सौ नवसाक्षर महिलाएं देंगी महापरीक्षा
फोटो -प्रखंड के 13 केंद्रों पर सात दिसंबर को तीन सत्रों में होगी परीक्षा -प्रखंड
अक्षर आंचल योजना के तहत फतेहपुर प्रखंड के 13 केंद्रों पर रविवार सात दिसंबर को होने वाली महापरीक्षा में प्रखंड की 3600 नवसाक्षर महिलाएं शामिल होंगी। प्रखंड के सभी स्कूलों में 10 से चार बजे तक बुनियादी साक्षरता परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा में 15 से 45 आयु की महादलित, दलित और अतिपिछड़ा वर्ग की महिलाएं शामिल होंगी। परीक्षा में कोई फेल नहीं होगा, बल्कि सुधार की दृष्टि से अलग-अलग ग्रेड दिया जाएगा। परीक्षा को सफल बनाने के लिए प्रखंड सभागार में मंगलवार को शिक्षा सेवकों की बैठक हुई। इसमें उन्हें परीक्षा संचालन से संबंधित विशेष जानकारी व दिशा-निर्देश दिया गया। बीईओ दिनेश कुमार राय और केआरपी अर्चना कुमारी ने बताया कि परीक्षा संचालित करने की तैयारी यहां शुरू कर दी गई है।
फतेहपुर प्रखंड में 150 शिक्षासेवक व तालमी मरकज प्रतिनियुक्त हैं। प्रखंड के प्रत्येक शिक्षा सेवक को अपने केंद्र की 40 नवसाक्षर महिलाओं को इस महापरीक्षा में शामिल करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अगर कोई महिला पूर्व की परीक्षाओं में शामिल होने से वंचित रह गई थी तो वह भी इस परीक्षा में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा संकुल स्तर पर आयोजित की जाएगी। इस महापरीक्षा में सत्र 2024-25 के दो सत्रों और सत्र 2025-26 के प्रथम सत्र में पढ़ाई करने वाली कुल 3600 नवसाक्षर महिलाएं शामिल होंगी। प्रखंड के 13 केंद्रों पर रविवार को तीन सत्रों की परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा पूरी तरह से निःशुल्क है। इसमें नवसाक्षरों को पढ़ने, लिखने व गणित के ज्ञान का आकलन किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 से 4 बजे तक चलेगी। इस दौरान कोई भी परीक्षार्थी अपनी सुविधानुसार तीन घंटे का समय लेकर परीक्षा दे सकती हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की जांच संकुल संसाधन केंद्र में शिक्षकों द्वारा की जाएगी। कॉपियों की जांच 12 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद 15 दिसंबर तक रिजल्ट का कंप्यूटराइजेशन कर निदेशालय को भेजना होगा। इसके बाद 26 दिसंबर को समारोह आयोजित कर सफल नवसाक्षर महिलाओं को साक्षरता का प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा। बैठक में राजू रिकियासन, महेश्वर रिकियासन, गणेश रिकियासन, कपिल मांझी, पप्पु कुमार, कामता चौधरी सहित सभी शिक्षासेवक उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




