मगध विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

मगध विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

संक्षेप:

मगध विश्वविद्यालय प्रशासन ने पीएचडी शोध प्रक्रियाओं को समयबद्ध बनाने के लिए सभी विभागाध्यक्षों को नोटिस जारी किया है। सभी विभागों को 7 जनवरी तक विभागीय शोध परिषद की बैठक पूरी करने का निर्देश दिया गया है। यह आदेश विशेष रूप से पीएटी-2021 बैच के शोधार्थियों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।

Dec 10, 2025 04:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गया
share

मगध विश्वविद्यालय प्रशासन ने पीएचडी शोध प्रक्रियाओं को सुचारू और समयबद्ध बनाने के लिए सभी विभागाध्यक्षों, निदेशकों और प्रभारियों को महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सभी विभाग अगले माह 7 जनवरी तक हर हाल में विभागीय शोध परिषद (डीआरसी) की बैठक पूरी कर लें। यह निर्देश विशेष रूप से पीएटी-2021 बैच के उन शोधार्थियों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है, जिनका पीएचडी कोर्सवर्क परीक्षा परिणाम हाल ही में जारी हुआ है। इन शोधार्थियों के लिए गाइड चयन और सिनॉप्सिस प्रस्तुति की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण की जानी है। विश्वविद्यालय ने कहा है कि डीआरसी की कार्यवाही पूरी होने के बाद ही अगला चरण यानी पोस्ट ग्रेजुएट रिसर्च काउंसिल (पीजीआरसी) की बैठक आयोजित हो सकेगी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

ओएसडी (पीएचडी) द्वारा जारी आदेश में सभी विभागों से शोध कार्यों में अनावश्यक देरी न करने की अपील की गई है, ताकि शोधार्थियों का सत्र समय पर आगे बढ़ सके। प्रशासन के अनुसार, समय पर बैठक होने से गाइड आवंटन, शोध प्रस्ताव स्वीकृति और अन्य शोध-शैक्षणिक गतिविधियां तय समय पर पूरा होना संभव होगा। नोटिस की प्रति सभी पीजी विभागाध्यक्षों, संबंधित निदेशकों और कुलपति के निजी सचिव को भेजी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूर्ण कर शोधार्थियों के हित में सकारात्मक पहल करेंगे।