
भूमि विवाद में राजद के पूर्व नेता भगत यादव के खिलाफ एफआइआर
भूमि विवाद के पांच साल पुराने मामले में डोभी के पूर्व राजद नेता भगत यादव के खिलाफ शेरघाटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। कोर्ट के आदेश पर हुई प्राथमिकी में गलत रजिस्ट्री और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर अरविंद यादव कर रहे हैं।
भूमि विवाद के पांच साल पुराने मामले में डोभी स्थित राजद के पूर्व नेता भगत यादव के खिलाफ शेरघाटी थाने में एफआइआर दर्ज हुई है। एससीआरबी की साइट पर एफआइआर की कॉपी ऑनलाइन किए जाने के बाद बुधवार को यह मामला सामने आया है। दर्ज कराये गए मुकदमे में शेरघाटी के तत्कालीन सब रजिस्ट्रार अजय कुमार सिंह समेत कई लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। प्राथमिकी में गलत ढंग से जमीन की रजिस्ट्री कराए जाने और धोखाधड़ी का आरोप है। शेरघाटी शहर के लगन तकिया मुहल्ले के निकट करीब 16 डिस्मिल जमीन के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद के सिलसिले में कोर्ट के आदेश पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शेरघाटी कोर्ट में शिकायत वाद वर्ष 2020 में दर्ज कराया गया था। तब कोर्ट ने प्राथमिक सुनवाई कर इस मामले में एफआइआर दर्ज करने का आदेश शेरघाटी थाने को दिया था। गुरुआ के तरोवा गांव के रहने वाले ठाकुर रविंद्र नाथ वर्मा की तहरीर पर दर्ज किए गए मुकदमे में कहा गया है कि अभियुक्तगण उसे खरीदी गई जमीन से बेदखल करना चाहते हैं। इस मुकदमे में धोखाधड़ी और जालसाजी की कई धाराएं लगाई गई हैं। सब इंस्पेक्टर अरविंद यादव को इस मामले की पड़ताल का जिम्मा सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। इधर राजद के पूर्व नेता और इस बार शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े डोभी के सिंहपोखर गांव के रहने वाले सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव से मुकदमे के सिलसिले में उनका पक्ष लेने के लिए कई बार कोशिशें की गईं मगर वह फोन पर उपलब्ध नहीं हो सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




