
शिक्षा नवाचार व उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित होंगे प्रधानाध्यापक जितेंद्र
बांकेबाजार प्रखंड के मध्य विद्यालय नावाडीह के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार को टीएफएम शिक्षक प्रतिभा सम्मान 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 14 दिसंबर को पटना में होगा। उन्हें विद्यालय में शैक्षणिक नवाचार, विकास में योगदान और सामुदायिक जुड़ाव के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है।
द टीचर फ्यूचर मेकर (टीएफएम) द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में बांकेबाजार प्रखंड के मध्य विद्यालय नावाडीह के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार को टीएफएम शिक्षक प्रतिभा सम्मान 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 14 दिसंबर रविवार को बिहार विधान परिषद के उपसभागार, पटना में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें विद्यालय में किए गए शैक्षणिक नवाचार, विद्यालय विकास में महत्वपूर्ण योगदान, समुदाय को विद्यालय से जोड़ने की पहल तथा सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जितेंद्र कुमार वर्ष 1999 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत हैं और अपनी शिक्षकीय यात्रा के दौरान उन्होंने अनेक नवाचारी प्रयास किए हैं, जिनसे विद्यालय का सर्वांगीण विकास हुआ है।
उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पूर्व में भी कई सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इनमें जिला शिक्षा पदाधिकारी, गया द्वारा शिक्षक सम्मान, बिहार सरकार शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय शिक्षक सम्मान 2025, टीबीटी मंच द्वारा प्रमंडलीय शिक्षक सम्मान, सावित्रीबाई फुले शिक्षा रत्न अवॉर्ड, इंटरनेशनल टीचर एक्सीलेंस अवार्ड, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंटेलिजेंस अवार्ड 2025, चाणक्य नेशनल लीडरशिप अवार्ड 2025, विवेकानंद जी सोशल रिफॉर्मर अवार्ड, गांधी प्रेरणा सम्मान तथा विद्या रत्न जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार शामिल हैं। टीएफएम शिक्षक प्रतिभा सम्मान 2025 के लिए चयन होने पर विद्यालय के शिक्षक, प्रधानाध्यापक शंकर प्रसाद, प्रधान शिक्षक प्रेम प्रकाश, स्वेता कुमारी, चंदशेखर गुप्ता, बिहार राज्य शिक्षक संघ गोप गुट के राज्य उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सहित कई शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




