गुरुआ लूटकांड: बाजार बंद कर कारोबारियों ने जताया विरोध, जांच में पहुंचे आईजी
-24 घंटे बाद भी अपराधी गिरफ्त से बाहर, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज -बुधवार
आभूषण व्यवसायी प्रभाकर वर्णवाल को गोली मारकर 40 लाख रुपये लूटने की घटना के विरोध में गुरुवार को गुरुआ बाजार बंद रहा। कारोबारियों ने एक स्वर में कहा कि अगर खुलासा नहीं हुआ तो उनका आंदोलन तेज होगा। गुरुवार की दोपहर आईजी विकास वैभव गुरुआ पहुंचे। पूरे मामले की पड़ताल की। कारोबारियों से बात की और मामले के जल्द उद्भेदन का आश्वासन दिया। आईजी ने यहां पुलिस अधिकारियों और व्यवसायियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद वह गुरुआ थाना पहुंचे। यहां उन्होंने करीब एक घंटे तक अधिकारियों के साथ मामले की समीक्षा की और निर्देश दिए। हालांकि 24 घंटे बाद भी अपराधियों का सुराग नहीं मिलने से कारोबारियों में आक्रोश है。
सआईटी का किया गया गठन
आईजी ने कहा कि पांच हथियारबंद अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
व्यवसायियों ने आईजी के समक्ष रखीं मांग
व्यवसायियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आईजी से मिलकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार की सुरक्षा, नियमित पुलिस गश्ती और व्यवसायियों को सुरक्षा की गारंटी देने की मांग की।
इस दौरान आभूषण व्यवसायी राजू अग्रवाल, राजद नेता सुरेन्द्र यादव, पूर्व मुखिया मुरारी प्रसाद, विजय अग्रवाल, उमेश गुप्ता, विनय अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद रहे।
गुरुआ के कारोबारियों ने रखी अपनी बात:
बाजार में बढ़े पुलिस गश्ती, अपराधी हों सलाखों की पीछे
1. गुरुआ बाजार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े गोली मारकर लूट होना पुलिस की विफलता को दर्शाता है। इससे बचाव का उपाय होना चाहिए।
-उमेश गुप्ता, गुरुआ।
2. अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे खुलेआम गोलीबारी कर लूट कर रहे हैं। पुलिस को बाजार में नियमित गश्ती बढ़ानी चाहिए। ऐसा होने से कारोबारियों का धैर्य टूट जाएगा।
-मुरारी प्रसाद, पूर्व मुखिया, गुरुआ।
3. गुरुआ बाजार में लूट की घटना के 24 घंटे बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है। व्यवसायियों को सुरक्षा की गारंटी मिलनी चाहिए। खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।
-बसंत अग्रवाल, कोरोबारी, गुरुआ।
4. गुरुआ बाजार में सीसीटीवी और पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था मजबूत नहीं होने के कारण अपराधी लगातार वारदात कर रहे हैं। गिरप्तारी नही होने से उनका मनोबल बढ़ रहा है।
-संजय चौधरी, गुरुआ।
5. अगर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यवसायी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है। सरेशाम इस प्रकार की घटना से हमलोग चिंतित हैं।
-पप्पू रजक, पूर्व पंचायत समिति।
6. शाम के समय गुरुआ बाजार में पुलिस की मौजूदगी नहीं रहती है। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया। यदि बाजार में पुलिस की गश्ती होती तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं होती
-सुरेन्द्र यादव, गुरुआ।
7. गुरुआ बाजार अब असुरक्षित होता जा रहा है। पुलिस प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाना चाहिए। सरेशाम इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वाले सलाखों के पीछे होने चाहिए।
-रामदेव चौधरी, गुरुआ।
8. गुरुआ बाजार और इसके आसपास लगातार हो रही घटनाओं से छोटे व्यवसायियों में भय है। लोग देर शाम दुकान खोलने से भी डरने लगे हैं। शाम में ही दुकान बंद हो जाएगी तो बिक्री कैसे होगी।
-विगुल साव, गुरुआ।
9. गुरुआ पुलिस को केवल जांच तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बल्कि, अपराधियों की गिरफ्तारी कर बाजार में भरोसा कायम करना चाहिए। पुलिस गश्ती में शामिल पुलिस को चौकन्ना रहना चाहिए।
मुन्ना स्वर्णकार गुरुआ
10. गुरुआ बाजार के व्यवसायियों ने हमेशा प्रशासन का सहयोग किया है। लेकिन सुरक्षा देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बाजार बंद कर विरोध किया जाएगा।
मनीष वर्णवाल, गुरुआ
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


