वजीरगंज में नारी शक्ति को मिला सम्मान, महिला दिवस पर आयोजित हुए कई कार्यक्रम

Mar 08, 2026 05:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गया
share

सरकार दे रही समानता का अधिकार, हमें भी हर हाल में नारी का सम्मान करना चाहिए - बीडीओ प्रभाकर सिंह

वजीरगंज में नारी शक्ति को मिला सम्मान, महिला दिवस पर आयोजित हुए कई कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को वजीरगंज प्रखंड में विभिन्न स्थानों पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया और समाज में उनके अधिकारों व सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया गया। प्रखंड मुख्यालय परिसर में नंदवंशी चेतना मंच की ओर से नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह सहित अन्य अतिथियों ने किया। बीडीओ प्रभाकर सिंह ने कहा कि नारी प्राचीन काल से ही पुरुषों के साथ समाज के विकास में बराबर की भागीदार रही है। सरकार भी महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में कार्य कर रही है।

इसलिए समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह महिलाओं का सम्मान करे और उनके निर्णयों को महत्व दें। महिला वक्ताओं ने कहा कि कई बार आरक्षण के कारण हम अपनी माता, बहन या पत्नी को जनप्रतिनिधि तो बना देते हैं, लेकिन उन्हें स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अधिकार नहीं देते। उन्होंने कहा कि यह सोच बदलनी चाहिए और महिलाओं को वास्तविक अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। समारोह के दौरान अतिथियों और उपस्थित महिलाओं को माल्यार्पण तथा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।कुर्किहार उमन बिगहा प्राथमिक विद्यालय परिसर में एक स्वयंसेवी संस्था की ओर से भी महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बीडीओ के साथ जिला परिषद सदस्य, मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि सहित कई लोग शामिल हुए। दर्जनों महिलाओं को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्या डॉ. पिंकी कुमारी ने कहा कि मानव जीवन के प्रत्येक पहलू में नारी का महत्वपूर्ण योगदान है। नारी अपनी कोख में नौ माह तक संतान को धारण करती है और जन्म के बाद उसके पालन-पोषण से लेकर जीवन के विभिन्न चरणों तक उसकी देखभाल करती है। इसलिए समाज को हर परिस्थिति में महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।