अग्निवीर सेना भर्ती में बिहार व झारखंड के 8 हजार अभ्यर्थी लगाएंगे दौड़
अग्निवीर सेना भर्ती में बिहार व झारखंड के 8 हजार अभ्यर्थी लगाएंगे दौड़ • मगध विश्वविद्यालय परिसर में 5 से 20 मार्च तक होगी बहाली फोटो न्यूज बोधगया,
मगध विश्वविद्यालय के जंबूरी मैदान में भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर सेना भर्ती रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। पांच से 20 मार्च तक बहाली होगी। इसमें बिहार और झारखंड के आठ हजार से अधिक अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लेंगे। इनमें 17 व 18 मार्च को महिला अभ्यर्थियों की भर्ती निर्धारित है। भर्ती निदेशक गया कार्यालय के कर्नल आर मदन मोहन ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों राज्यों के लगभग 26 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। आठ हजार अभ्यर्थी अब दौड़ सहित अन्य शारीरिक परीक्षण में शामिल होंगे।
इस बार की भर्ती अग्निवीर जनरल ड्यूटी, क्लर्क/स्टोरकीपर टेक्निकल, टेक्निकल, ट्रेड्समैन (8वीं पास) और ट्रेड्समैन (10वीं पास) श्रेणियों में होगी। बिहार के गया समेत औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, लखीसराय, रोहतास, नालंदा, नवादा, जमुई, शेखपुरा और कैमूर जिलों के अभ्यर्थी इसमें भाग लेंगे। डीएम शशांक शुभंकर व एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गयी है। पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित तैयारी की गयी है। भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात सुचारु रखने के लिए विशेष प्लान बनेगा। अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ लाने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गयी है। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करायी जाएगी। जानकारी मुताबिक पिछले वर्ष मई में आयोजित लिखित परीक्षा के बाद विभिन्न कारणों से करीब 18 हजार अभ्यर्थी छंट गए थे। शेष आठ हजार अभ्यर्थी अब दौड़ सहित अन्य शारीरिक परीक्षण में शामिल होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



