श्री गौरी शंकर शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली कलश यात्रा
डुमरिया प्रखंड के महुडी पंचायत में स्थित टेकरा कला गांव में श्री गौरी शंकर शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के लिए भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और मंदिर परिसर लौटकर कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

डुमरिया प्रखंड की महुडी पंचायत अंतर्गत टेकरा कला गांव में श्री गौरी शंकर शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शनिवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर कुसड़ी, मदारपुर, मंझौली और डुमरिया होते हुए राजकेल स्थान के समीप सोहर नदी तट पहुंची, जहां आचार्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक कराया। श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरने के बाद शोभायात्रा के रूप में पुनः मंदिर परिसर लौटकर कार्यक्रम का समापन किया। कलश यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। शिव-शक्ति की आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मंदिर समिति के संजय राय, बिंदेश्वरी राय, श्रवण यादव व टिंकल राय ने बताया कि 20 से 23 अप्रैल तक प्रतिदिन रात्रि 7 से 11 बजे तक विद्वान कथा वाचकों द्वारा प्रवचन होगा। 24 अप्रैल को भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य रविंद्र राम, मुखिया निर्मला कुमारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


