Gaya News: गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया से गूंजा शहर
Gaya News: भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी को जिले में श्री गणेश पूजा धूमधाम से मनायी गई। भक्तों ने घरों और मंदिरों में भगवान गणेश की पूजा की, सुख-समृद्धि की कामना की। आजाद पार्क में दस दिवसीय समारोह शुरू हुआ, जिसमें दगड़ू सेठ गणपति की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। कृषि मंत्री ने पंडाल में दर्शन किए।

Gaya News: भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी सोमवार को जिले में धूमधाम से श्री गणेश पूजा-अर्चना की गई। घरों के अलावा मंदिरों में सुबह श्रद्धालुओं ने विघ्न-विनाशक भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। घर, मंदिर से लेकर पूजा-पंडाल गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया मंगला के जयकारे से गूंज उठा। शहर के आजाद पार्क, चौक सर्राफा बाजार व पावरगंज बैरागी आदि स्थानों पर पूजा पंडाल में श्री गणेश की प्रतिमा बिठायी गयी है। आजाद पार्क में दस दिवसीय श्री गणेश महोत्सव शुरूशहर के आजाद पार्क में भव्य पंडाल में दगड़ू सेठ गणपति की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। श्री रामचरितमानव नवाह्न पारायण यज्ञ समिति के तत्वावधान में सोमवार से दस दिवसीय श्री गणेश उत्सव शुरू हुआ।
आचार्य सुरेंद्र पांडेय , राकेश पांडेय व दीपक पांडेय के मंत्रोच्चार के बीच सुबह धूमधाम से श्री गणेश की पूजा हुई। दुग्धाभिषेक और दुर्वाभिषेक से गणपति की आराधना की। समिति के अध्यक्ष व मुख्य यजमान शिवकैलाश डालमिया और रेणु डालमिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणपति की आराधना की। साथ में अभिषेक डालमिया भी रहे। इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पट खोल दिए गए। पूजा के बाद गणपति के दर्शन और पूजन को कतार लग गई। शाम में सूबे के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पंडाल में आकर श्री गणेश के दर्शन-पूजन किए। देर शाम पूजा पंडाल के बगल में श्री रामानुज मठ के स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने प्रवचन किया। पूजा के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में लड्डू का वितरण सुबह से रात तक होता रहा। पूजन के वक्त नगर आयुक्त डॉ. गगन, समिति के विनोद जसरापुरिया, राजेश झुनझुनवाला, अनिल स्वामी, अनंतधीश अमन, विकास शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


