सोना छीनने के मामले में गया सर्राफा बाजार में छापेमारी, एक गिरफ्तार
-पटना मुख्यालय के निर्देश पर कई ज्वेलरी दुकानों में की गई जांच -सोना बेचने-खरीदने के

गया जी में ट्रेन से एक किलो सोना छीने जाने के चर्चित मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसके तार गया जी शहर के सर्राफा बाजार से जुड़ते जा रहे हैं। बुधवार की रात पटना पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम और कोतवाली थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से शहर के सर्राफा बाजार में छापेमारी की और विनोद कुमार वर्णवाल नामक एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। इसके निशानदेही पर गुरुवार को भी पुलिस की टीम सर्राफा बाजार स्थित चर्चित दुकान गोल्ड हाउस तक पहुंची।
यह आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन में छीना गया सोना बेचा गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान गोल्ड हाउस के प्रोपराइटर मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इससे पहले पुलिस ने विनोद कुमार वर्णवाल को हिरासत में लिया था। आरोप है कि उसके द्वारा छीने गए सोने को काटा गया था। पुलिस ने उससे पूछताछ कर उसका बयान दर्ज किया। हालांकि अब तक छीने गए सोने की बरामदगी को लेकर पुलिस की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और जांच का दायरा लगातार बढ़ाता जा रहा है। गौरतलब है कि यह मामला हावड़ा–जोधपुर एक्सप्रेस से जुड़ा हुआ है, जहां 21 नवंबर को एक यात्री से जीआरपी पुलिस ने कथित तौर पर एक किलो सोना छीन लिया था। इस गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रेल थाना अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को जेल भेज दिया गया है। वहीं चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो अन्य सिविलियन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस इस बात पर विशेष नजर रखे हुए हैं कि छीना गया सोना किन-किन हाथों से होकर सर्राफा बाजार तक पहुंचा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



