
गया जंक्शन : पितृपक्ष मेले को लेकर स्टेशन परिसर में ऑटो-टोटो के प्रवेश पर रोक
-ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ बनाने और जाम से निजात दिलाने को लेकर रेलवे ने लिया निर्णय
पितृपक्ष मेले को लेकर गया जंक्शन के मुख्य परिसर में ऑटो-टोटो के प्रवेश पर रोक रहेगी। ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ बनाए रखने और जाम से निजात दिलाने को लेकर रेलवे ने यह निर्णय लिया है। स्टेशन के मुख्य परिसर में ऑटो-टोटो के प्रवेश पर लगी रोक को पूरी मुश्तैदी के साथ पालन कराने के लिए आरपीएफ व जीआरपी के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। गया जंक्शन आने वाले ऑटो-टोटो का ठहराव स्टेशन के बांटा मोड़ की ओर और डीलक्स स्नानागार क्षेत्र में कराया जा रहा है। 6 से 21 सितंबर तक हिंदू धर्मावलंबियों का विश्व प्रसिद्ध आयोजित होने वाले पितृपक्ष मेले में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में रेल मार्ग से पिंडदानी गया जी आते हैं।

इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों, तीर्थयात्रियों, पिंडदानियों की काफी भीड़ उमड़ती है। गया जंक्शन का विश्वस्तरीय स्टेशन का स्वरूप दिए जाने के लिए कराए जा रहे पुनर्निर्माण को लेकर स्टेशन से बाहर आने-जाने की व्यवस्था अस्त व्यस्त रूप में है। इस कारण रेल थाने के आगे और रिजर्वेशन भवन के सामने से सर्वाधिक यात्रियों के आवागमन होने से यहां पर जाम की समस्या बढ़ जाती है। जबकि यहां से फोरलेन सड़क गुजरी है। भीड़ और जाम से यात्रियों को राहत दिलाने के उद्देश्य को लेकर मेला अवधि में ऑटो और टोटो के प्रवेश को नियंत्रित किया गया है। बुधवार को डीडीयू रेल मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना ने गया जंक्शन का निरीक्षण के दौरान स्टेशन के मुख्य परिसर में ऑटो और टोटो के प्रवेश पर रोक का निर्देश दिया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




