तीर्थ नगरी गया जी में बुलडोजर एक्शन, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप
-जीबी रोड, नई गोदाम, केपी रोड और बजाज रोड पर तीन घंटे चला अभियान -पुलिस
तीर्थ नगरी गया जी में सोमवार को प्रशासन का बुलडोजर एक्शन एक बार फिर जोरदार तरीके से देखने को मिला। दोपहर 12 से तीन बजे तक चले इस एक्शन ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। सोमवार को शहर के जीबी रोड, नई गोदाम, केपी रोड और बजाज रोड से अतिक्रमण हटाया गया। जैसे ही नगर निगम और पुलिस बुलडोजर के साथ पहुंची तो अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। कई दुकानदार हड़बड़ाहट में सामान समेटने लगे, तो कुछ अपने अवैध ढांचों को बचाने की नाकाम कोशिश करते दिखे। अभियान के दौरान पुलिस की कड़ी तैनाती रही, ताकि किसी तरह की बाधा या विवाद उत्पन्न न हो।
सड़क किनारे बनाई गई कई अवैध संरचनाओं को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। शहर की सबसे व्यस्त सड़कों पर तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई ने आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। नगर निगम ने मौके पर ही स्पॉट फाइन लगाते हुए अतिक्रमणकारियों से 55,200 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले। अधिकारियों ने चेतावनियों के बावजूद सड़क और फुटपाथ पर कब्जा जारी रखने वालों के खिलाफ अब प्रशासन बिल्कुल जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। अभियान की कमान उप नगर आयुक्त शशिकांत के हाथों में थी। उनके साथ सिटी डीएसपी सरोज कुमार और ट्रैफिक डीएसपी सुधीर कुमार भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे एक्शन की मॉनिटरिंग करते रहे। अधिकारियों ने कहा यह एक दिन की कार्रवाई नहीं है। अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई चलते रहेगी। इस अभियान में उप नगर आयुक्त शशिकांत, सिटी डीएसपी सरोज कुमार, ट्रैफिक डीएसपी सुधीर कुमार, नगर निगम सिटी मैनेजर पवित्र कुमार, नज मुजफर व अन्य मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




